विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उमर कैबिनेट विस्तार की उलटी गिनती शुरू, LG सिन्हा से मिले मुख्यमंत्री; फारूक अब्दुल्ला से चर्चा के बाद लिस्ट फाइनल

By Naveen NawazEdited By: Dallu Slathia
Published: Sat, 24 Oct 2026 12:24 PM (GMT+05:30)

जम्मू-कश्मीर में CM उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार अगले सप्ताह होगा। मुख्यमंत्री ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने उपराज्यपाल से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने उपराज्यपाल से मुलाकात की।

HighLights

  1. उमर अब्दुल्ला सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार अगले सप्ताह होगा।

  2. मुख्यमंत्री ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात कर घोषणा की।

  3. संभावित मंत्रियों के नामों पर चर्चा तेज, शपथ ग्रहण का इंतजार।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार के बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार की उलटी गिनती शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को राजभवन में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात के बाद संकेत दिया कि अगले सप्ताह के शुरुआती दो से तीन दिनों में मंत्रिपरिषद का विस्तार किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने उपराज्यपाल से शपथ ग्रहण समारोह का समय निर्धारित करने का अनुरोध किया है। विस्तार की घोषणा के साथ ही प्रदेश के सियासी गलियारों में संभावित मंत्रियों के नाम और विभागों में फेरबदल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। 

मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में उमर अब्दुल्ला ने कहा कि उपराज्यपाल कुछ दिनों से बाहर थे और इस दौरान उनकी तबीयत भी कुछ ठीक नहीं थी। वह उनका हालचाल जानने के साथ-साथ विभिन्न प्रशासनिक और महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करना चाहते थे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मंत्रिमंडल विस्तार के लिए अब उपराज्यपाल की ओर से शपथ ग्रहण का समय निर्धारित किया जाना बाकी है।

फारूक अब्दुल्ला से विचार-विमर्श के बाद तैयार हुई मंत्रियों की सूची

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले सदस्यों की सूची नेशनल कान्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला से विचार-विमर्श के बाद तैयार की गई है। उनके अनुसार, मंत्रियों के चयन को लेकर निर्णय हो चुका है और अब शपथ ग्रहण की औपचारिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जानी है।

उमर अब्दुल्ला ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मंत्री पद के लिए बायोडाटा भेजने तथा व्हाट्सऐप के माध्यम से सिफारिशें करने से बचने की अपील भी की।

सऊदी अरब में फंसे जरूरतमंदों की मदद करेगी सरकार

मुख्यमंत्री ने पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच सऊदी अरब में फंसे जम्मू-कश्मीर सहित विभिन्न राज्यों के नागरिकों की परेशानी पर कहा कि उड़ानों के रद्द होने और हवाई किराये में भारी वृद्धि के कारण कई यात्रियों के लिए स्वदेश लौटने की नई टिकटें खरीदना मुश्किल हो गया है। हम इससे अवगत हैं और इस मामले को विदेश मंत्रालय के समक्ष उठाया जा रहा है।

जिन नागरिकों के पास वापसी का टिकट खरीदने के लिए पर्याप्त धन नहीं है और जिन्हें आर्थिक सहायता की जरूरत है, उनकी मदद के लिए जम्मू-कश्मीर सरकार अपने बजट से धन उपलब्ध कराने का प्रयास करेगी।

दंत चिकित्सकों के नियमन पर सकीना इटटू से जानकारी लेने का सुझाव

दंत चिकित्सकों के नियमन संबधी सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि मामला उपराज्यपाल प्रशासन के कार्य नियमों के दायरे में आता है या निर्वाचित सरकार के अधिकार क्षेत्र में। उन्होंने इस संबंध में संबंधित मंत्री सकीना इटटू से जानकारी लेने का सुझाव दिया।

'चीन सीमा का मामला जम्मू-कश्मीर के अधिकार क्षेत्र में नहीं'

चीन सीमा से जुड़े सवाल पर उमर अब्दुल्ला ने कहा कि लद्दाख के अलग केंद्रशासित प्रदेश बनने के बाद यह विषय जम्मू-कश्मीर के प्रशासनिक अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। उन्होंने इस मुद्दे पर लद्दाख के उपराज्यपाल या केंद्र सरकार से सवाल करने की बात कही।

केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शनों में कथित विदेशी फंडिंग को लेकर भाजपा की ओर से लगाए गए आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वह भाजपा के बयानों पर टिप्पणी नहीं करना चाहते।

अब शपथ ग्रहण की तारीख पर निगाहें

उमर अब्दुल्ला और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की मुलाकात के बाद मंत्रिमंडल विस्तार की प्रक्रिया आगे बढ़ने के संकेत मिले हैं। मुख्यमंत्री ने अगले सप्ताह के शुरुआती दो से तीन दिनों में विस्तार की संभावना जताई है। अब उपराज्यपाल की ओर से शपथ ग्रहण समारोह का समय निर्धारित किए जाने और नए मंत्रियों के नामों की औपचारिक घोषणा का इंतजार है।

इसके बाद ही मंत्रिपरिषद की नई संरचना और विभागीय जिम्मेदारियों की तस्वीर साफ हो सकेगीउनके इस बयान से संकेत मिलता है कि पार्टी नेतृत्व ने संभावित मंत्रियों के नामों पर अपनी कवायद पूरी कर ली है। हालांकि, नए मंत्रियों के नामों और उन्हें सौंपे जाने वाले विभागों की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।