विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब कचरा टेंशन खत्म! श्रीनगर में सीएमसी ने शुरू की 24x7 ऑनलाइन बिन बुकिंग सेवा

Published: Thu, 10 Sep 2026 05:09 PM (GMT+05:30)

श्रीनगर म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ने शहर को स्वच्छ बनाने के लिए 24x7 ऑनलाइन वेस्ट बिन बुकिंग सेवा शुरू की है।

श्रीनगर में अब कचरा निपटान आसान, सीएमसी ने शुरू की बिन बुकिंग सेवा। एआई जेनरेटेड तस्वीर।

श्रीनगर में अब कचरा निपटान आसान, सीएमसी ने शुरू की बिन बुकिंग सेवा। एआई जेनरेटेड तस्वीर।

HighLights

  1. सीएमसी ने 24x7 ऑनलाइन वेस्ट बिन बुकिंग सेवा शुरू की।

  2. नागरिक, दुकानदार, आयोजक अब ऑनलाइन कचरा बिन बुक कर सकते हैं।

  3. यह पहल शहर को स्वच्छ और कचरा मुक्त बनाने में सहायक।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। श्रीनगर के लोगों को राहत प्रदान करते हुए श्रीनगर म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (सीएमसी) ने शहर को साफ-सुथरा और कचरा मुक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा और नागरिक-अनुकूल कदम उठाया है। अब से शहर में कचरा निपटान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। सीएमसी ने 24x7 ऑनलाइन वेस्ट बिन बुकिंग सेवा की शुरुआत कर दी है।

अक्सर देखा जाता है कि घर में शादी, कोई बड़ा फंक्शन, सफाई अभियान या निर्माण कार्य के दौरान भारी मात्रा में कचरा निकलता है, जिसे सड़क पर फेंकना मजबूरी बन जाता है। इसी समस्या को खत्म करने के लिए सीएमसी ये नई सेवा लेकर आया है।

इस सुविधा के तहत आम नागरिक, दुकानदार, कमर्शियल एस्टाब्लिशमेंट और इवेंट ऑग्रेनाइजर अब ऑनलाइन ही सीएमसी का बड़ा कचरा बिन बुक कर सकते हैं।

खास बात ये है कि ये सेवा 24 घंटे, सातों दिन उपलब्ध रहेगी। मतलब रात हो या दिन, छुट्टी हो या त्योहार, आप किसी भी समय अपने मोबाइल या कंप्यूटर से बिन बुक कर सकते हैं।

किसे होगा सबसे ज्यादा फायदा?

इस योजना का सीधा फायदा तीन तरह के लोगों को होगा। इनमें सबसे पहले आम नागरिक शामिल हैं। घर की बड़ी सफाई या मरम्मत के बाद निकले कचरे के लिए, उनके परेशान नहीं होना पड़ेगा।

इसके बाद दुकानों, होटलों और रेस्टोरेंट से निकलने वाले बल्क वेस्ट के लिए भी दिक्कत नहीं आएगी। यहीं नहीं शादी हॉल, समारोह और जलसों के बाद फैले कचरे को तुरंत समेटने के लिए सीएमसी की ये सेवा काफी लाभदायक सिद्ध होगी।

कितना लगेगा चार्ज और कैसे करें बुकिंग?

सीएमसी ने इस सेवा को पूरी तरह पारदर्शी रखा है। एक बिन की बुकिंग का चार्ज 2000 रुपये प्रति दिन तय किया गया है। आपको सीएमसी के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल पर जाना होगा।

वहां वेस्ट बिन बुकिंग सेक्शन में जाकर अपनी जरूरत, तारीख और जगह की जानकारी भरनी होगी। पेमेंट ऑनलाइन ही हो जाएगा और तय समय पर सीएमसी की टीम आपके बताए पते पर बिन पहुंचा देगी और बाद में कचरा सहित वापस भी ले जाएगी। इसके लिए अब आपको निगम कार्यालय जाने की कोई जरूरत नहीं है।

सीएमसी अधिकारियों के अनुसार, यह पहल सिर्फ एक सेवा नहीं, बल्कि शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने का मिशन है। जब बल्क कचरा सीधे बिन में जाएगा, तो सड़कों, नालियों और डल झील के किनारों पर कचरा फेंकने की नौबत ही नहीं आएगी।

इससे लिटरिंग रुकेगी और शहर की खूबसूरती बनी रहेगी। यह पहल स्वच्छ भारत मिशन और स्मार्ट सिटी श्रीनगर के सपने को साकार करने में मील का पत्थर साबित होगी।