NIA का बारामूला में बड़ा एक्शन, 2020-मीर बाजार हथियार बरामदगी केस में तिहाड़ जेल में बंद OGW शाहीन के घर छापेमारी
एनआईए ने उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के कनिसपोरा में तिहाड़ जेल में बंद आतंकी शाहीन अहमद लोन के घर ...और पढ़ें

गृह मंत्रालय के आदेश पर 2020 में एनआईए को सौंपे गए केस में ताजा अपडेट।
HighLights
एनआईए ने बारामूला के कनिसपोरा क्षेत्र में की छापेमारी।
आतंकवाद मामले में तिहाड़ जेल में बंद शाहीन लोन का घर।
लोन पर प्रतिबंधित आतंकी संगठनों का ओजीडब्ल्यू होने का आरोप।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बुधवार को उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के कनिसपोरा क्षेत्र में छापेमारी की। यह कार्रवाई आतंकवाद से जुड़े एक मामले की जांच के सिलसिले में की गई, जिसकी जांच एनआईए कर रही है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, एनआईए की टीमों ने कनिसपोरा निवासी शाहीन अहमद लोन के घर पर तलाशी अभियान चलाया। शाहीन अहमद लोन पिछले कई वर्षों से एनआईए द्वारा जांच किए जा रहे एक मामले में तिहाड़ जेल में बंद है।
यह कार्रवाई उस पृष्ठभूमि में हुई है, जब जम्मू में एनआईए अधिनियम के तहत नामित विशेष न्यायाधीश ने एजेंसी की याचिका स्वीकार करते हुए गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के प्रावधानों के तहत शाहीन अहमद लोन की कथित अचल संपत्तियों को कुर्क करने की अनुमति दी थी।
आपत्तिजनक सामग्री बरामद होने का दावा
जांच अभिलेखों के अनुसार, यह मामला 11 जनवरी 2020 को कुलगाम के मीर बाजार स्थित अल-स्टॉप नाका पर एक हुंडई आई-20 कार को रोके जाने से जुड़ा है। तलाशी के दौरान वाहन से हथियार, गोला-बारूद और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद किए जाने का दावा किया गया था। बाद में गृह मंत्रालय ने इस मामले की जांच एनआईए को सौंप दी थी। एजेंसी ने 17 जनवरी 2020 को औपचारिक रूप से जांच अपने हाथ में ली थी।
एनआईए का आरोप है कि शाहीन अहमद लोन प्रतिबंधित आतंकी संगठनों के लिए ओवरग्राउंड वर्कर (ओजीडब्ल्यू) के रूप में काम करता था। वह नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार से हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटकों की गुप्त आवाजाही को सुगम बनाने तथा उन्हें कश्मीर में सक्रिय आतंकियों तक पहुंचाने में शामिल था। फिलहाल, एनआईए ने बुधवार को हुई तलाशी के दौरान किसी सामग्री की बरामदगी के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
