जम्मू-कश्मीर में आतंकी साजिश पर NIA का बड़ा एक्शन, अनंतनाग-कुलगाम सहित 7 जगहों पर छापामारी
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने जम्मू-कश्मीर में आतंकी षड्यंत्र के मामले में कुलगाम, बांदीपोरा और सोपोर सहित सात स्थानों पर छापेमारी की।

जम्मू-कश्मीर में आतंकी साजिश पर NIA का बड़ा एक्शन (फाइल फोटो)
HighLights
NIA ने जम्मू-कश्मीर में आतंकी षड्यंत्र पर की छापेमारी
कुलगाम, बांदीपोरा, सोपोर सहित सात स्थानों पर तलाशी अभियान
पाकिस्तान स्थित आतंकी हैंडलरों के नेटवर्क की हो रही जांच
जागरण संवाददाता, श्रीनगर। आतंकी षड्यंत्र के मामले में जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में शनिवार सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने ताबड़तोड़ छापामारी की। घाटी के कुल सात जगहों पर सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान चलाया। इनमें कुलगाम, गांदरबल और बांदीपोर शामिल रहे।
एनआईए ने यह कार्रवाई पाकिस्तान स्थित आतंकी हैंडलरों और स्थानीय ओवरग्राउंड वर्करों के नेटवर्क से जुड़े मामले की जांच के तहत की गई। एनआइए की टीमों ने कुलगाम में दो, बांडीपोरा में तीन और सोपोर में दो स्थानों पर तलाशी ली।
अधिकारियों के अनुसार, तलाशी अभियान में स्थानीय पुलिस और सुरक्षा बलों ने एनआइए की टीमों को सहयोग दिया।
पाकिस्तानी कनेक्शन की आशंका
जांच एजेंसी को आशंका है कि पाकिस्तान स्थित आतंकी हैंडलरों के इशारे पर सक्रिय स्थानीय नेटवर्क ने घुसपैठ कर आने वाले आतंकियों को रसद समेत अन्य सहायता उपलब्ध कराई।
यह मामला श्रीनगर के जकूरा थाने में दर्ज एफआईआर संख्या 0024/2026 से जुड़ा है। बाद में एनआईए ने मामले को आरसी-02/2026/एनआइए/जेएमयूके रूप में दोबारा दर्ज कर जांच अपने हाथ में ले ली।
मामले में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 की धारा 23, शस्त्र अधिनियम, 1959 की धारा 7 और 25 तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, 1908 की धारा 4 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
