NC हाईकमान का अल्टीमेटम, सभी MLA-MP 19 तक दिल्ली पहुंचें, 20 को सीएम उमर की अगुवाई में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन
नेशनल कॉन्फ्रेंस ने सभी विधायकों-सांसदों को 19 जुलाई तक दिल्ली बुलाया है, ताकि 20 जुलाई को उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया जा सके।

जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा दिलाने के लिए NC का दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन।
HighLights
NC विधायकों-सांसदों को 19 जुलाई तक दिल्ली पहुंचने का निर्देश।
20 जुलाई को उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन।
जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा वापस दिलाने की मुख्य मांग।
डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) हाईकमान ने बड़ा फैसला लेते हुए अपने सभी विधायकों (MLAs) और सांसदों (MPs) को 19 जुलाई तक नई दिल्ली पहुंचने का निर्देश दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, पार्टी नेतृत्व ने साफ कहा है कि सभी जनप्रतिनिधि बिना किसी औपचारिक अनुमति या अगले संदेश का इंतजार किए राजधानी में अपनी मौजूदगी सुनिश्चित करें। यह निर्देश 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर होने वाले प्रस्तावित प्रदर्शन के लिए जारी किया गया है।
यह प्रदर्शन जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला की अगुवाई में हो रहा है। इसका मकसद जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा वापस दिलाने की मांग को और तेज करना है।
हाल ही में हजरतबल में एक सभा को संबोधित करते हुए उमर अब्दुल्ला ने कहा था कि नेशनल कॉन्फ्रेंस ने लगभग दो साल तक संवाद के जरिए राज्य का दर्जा बहाल करने की कोशिश की, लेकिन केंद्र का वादा पूरा न होने के कारण अब लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने पर मजबूर होना पड़ा है।
संसद सत्र के पहले दिन शक्ति प्रदर्शन की तैयारी
इस आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर समर्थन दिलाने के लिए NC अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने देश भर के 52 प्रमुख नेताओं को इस प्रदर्शन में शामिल होने का न्योता भेजा है। यह प्रदर्शन संसद के मानसून सत्र के पहले दिन हो रहा है, ताकि केंद्र सरकार पर दबाव बनाया जा सके।
जिन प्रमुख नेताओं को आमंत्रित किया गया है, उनमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, तमिलनाडु के सीएम सी जोसेफ विजय, टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार, शिवसेना (यूटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे, ओडिशा के पूर्व सीएम नवीन पटनायक, असदुद्दीन ओवैसी, वाई एस जगन मोहन रेड्डी, सुखबीर सिंह बादल, अरविंद केजरीवाल, सीपीआई(एम) महासचिव एम ए बेबी, सीपीआई के डी राजा, कपिल सिब्बल।
बसपा प्रमुख मायावती, बीआरएस अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव, एआईएडीएमके महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी, जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम गुलाम नबी आजाद, पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती, अपनी पार्टी प्रमुख अल्ताफ बुखारी, जम्मू-कश्मीर कांग्रेस प्रमुख जी ए मीर, जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष सतपाल शर्मा, पीपुल्स कॉन्फ्रेंस चेयरमैन सज्जाद गनी लोन, मीरवाइज उमर फारूक और जम्मू-कश्मीर के ग्रैंड मुफ्ती नासिर-उल-इस्लाम।
राज्य का दर्जा बहाल करने के मुद्दे पर होगा प्रदर्शन
पार्टी सूत्रों ने बताया कि जंतर-मंतर पर होने वाले इस प्रदर्शन में नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता, विधायक, सांसद, कार्यकर्ता और आमंत्रित राजनीतिक दलों के नेता एक साथ जुटेंगे। सभी एक स्वर में केंद्र सरकार से जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने के अपने पुराने वादे को पूरा करने की मांग करेंगे।
