सफेद कफन पहनकर सड़कों पर उतरे मुबारक गुल के समर्थक, कैबिनेट से दरकिनार करने पर भड़के; श्रीनगर में जबरदस्त प्रदर्शन
नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता मुबारक गुल को मंत्री पद न मिलने से नाराज उनके समर्थकों ने श्रीनगर में विरोध प्रदर्शन किया। ...और पढ़ें

मुबारक गुल को कैबिनेट में जगह न मिलने पर कफन पहनकर उतरे समर्थक। फोटो- इंटरनेट मीडिया
HighLights
मुबारक गुल को मंत्री पद न मिलने पर विरोध।
समर्थकों ने श्रीनगर में कफन पहनकर प्रदर्शन किया।
कैबिनेट में जगह या पार्टी से इस्तीफे की मांग।
जागरण संवाददाता, श्रीनगर। नेशनल कान्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता और विधायक मुबारक गुल को उमर अब्दुल्ला सरकार में मंत्री नहीं बनाए जाने से उनके समर्थक नाराज हैं। बुधवार को समर्थकों ने श्रीनगर की प्रेस कालोनी में प्रदर्शन किया। उन्होंने मुबारक गुल को कैबिनेट में शामिल करने की मांग की।
प्रदर्शनकारी सफेद कफन पहनकर पहुंचे थे। उनके हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर मुबारक गुल को कैबिनेट में जगह देने या पार्टी से इस्तीफा देने की मांग लिखी थी।
इस दौरान उन्होंने पार्टी के फैसले के खिलाफ नारे भी लगाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा, 'ईदगाह के साथ इंसाफ करो' और 'मुबारक गुल को कैबिनेट मंत्री बनाओ।' वहीं, कुछ लोगों ने 'गुल साहब, इस्तीफा दो' के नारे भी लगाए।
'पार्टी अपने वादे को पूरा करने में नाकाम'
वतीक अहमद नामक एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि गुल ने सात चुनाव लड़े हैं और हर बार जीते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी उनके साथ अपने वादे को पूरा करने में नाकाम रही है।
प्रदर्शनकारी ने कहा, 'फारूक साहब ने हमसे वादा किया था। उनका नाम कल तक लिस्ट में था, लेकिन उन्हें मंत्री पद नहीं दिया गया।
विधायक मुबारक गुल को कैबिनेट में नहीं मिली जगह
गौरतलब है कि ईदगाह से छह बार के विधायक मुबारक गुल को मंगलवार को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान कैबिनेट से बाहर रखा गया था। गुल को बाद में नेशनल कांन्फ्रेंस का जनरल सेक्रेटरी बनाया गया, लेकिन इस नियुक्ति से उनके सभी समर्थक तुरंत खुश नहीं हुए।
