विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'विधायक की पत्नी चला रही हैं फेसबुकिया न्यूज चैनल', मंत्री सकीना इट्टू का आरोप; विधानसभा में मोबाइल बैन करने की मांग

Published: Wed, 30 Sep 2026 06:51 PM (IST)

समाज कल्याण मंत्री सकीना इट्टू ने विधानसभा में एक विधायक की पत्नी द्वारा फेसबुक पर न्यूज चैनल चलाने और विरोधियों को बदनाम करने का मुद्दा उठाया।

विधायक की पत्नी के फेसबुक न्यूज चैनल पर जम्मू-कश्मीर विधानसभा में हंगामा।

विधायक की पत्नी के फेसबुक न्यूज चैनल पर जम्मू-कश्मीर विधानसभा में हंगामा।

HighLights

  1. मंत्री सकीना इट्टू ने विधायक की पत्नी के फेसबुक न्यूज चैनल पर चिंता जताई।

  2. इंटरनेट मीडिया का दुरुपयोग कर विरोधियों को बदनाम करने का आरोप लगा।

  3. विधानसभा में मोबाइल फोन लाने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। समाज कल्याण मंत्री सकीना इट्टू ने बुधवार को सदन में उस समय सनसनी फैला दी, जब उन्होंने कहा कि यहां सभी इंटरनेट मीडिया न्यूज चैनलों को लेकर अपनी चिंता जाहिर कर रहे हैं, लेकिन एक माननीय सदस्य की पत्नी ने भी फेसबुक पर अपना कोई न्यूज पेज चैनल बना रखा है, जिस पर विरोधियों को बदनाम किया जाता है।

उन्होंने स्पीकर से सदन में विधायकों के मोबाइल फोन लाने पर रोक लगाने और मोबाइल फोन प्रेस मीडिया को सदन से बाहर रखने का भी आग्रह किया।

आज विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान बिजबेहाड़ा के विधायक डॉ. बशीर अहमद वीरी ने इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय कुछ तथाकथित पत्रकारों से होने वाली दिक्कतों की तरफ ध्यान दिलाते हुए उनसे संबधित नीति बनाने का मुद्दा उठाया था।

नेशनल कॉन्फ्रेंस के अल्ताफ अहमद वानी ने भी इसका समर्थन किया और स्पीकर से कहा कि यहां कुछ दिन पहले मैं हैप्पीडेंट निकाल रहा था जबकि एक इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय एक तथाकथित पत्रकार ने वीडियो वायरल करते हुए कहा कि मैं तंबाकू उत्पाद नेवला खा रहा हूं।

समाज कल्याण मंत्री सकीना इट्टू ने इस मुद्दे पर पक्ष रखते हुए कहा कि यहां कुछ राजनीतिक लोग भी इस समस्या का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय यह तथाकथित पत्रकार किसी की भी इज्जत उछाल देते हैं और हमारे कई साथी इनको किसी न किसी तरीके से बढ़ावा देते हैं।

उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी मेरे लिए मेरे बड़े भाई हैं, मेरे लिए भाई से भी बढ़कर हैं। मैं यहां सदन में उनसे बात कर रही थी और किसी ने इंटरनेट मीडिया पर हमारा वीडियो चलाया और उसे गलत तरीके से पेश किया। ऐसे लोगों का किसी की बहू-बेटी की इज्जत से कोई सरोकार नहीं है।

उन्होंने स्पीकर से आग्रह करते हुए कहा कि मेरी आपसे गुजारिश है कि जो भी विधायक है, उनके फोन सदन से बाहर रहने चाहिए, यहां जो गैलरी में लोग बैठे हैं, इनके फोन भी बाहर रखवाने चाहिए और यह जो मोबाइल फोन लेकर मीडिया वाले बनकर चलते है, इन्हें भी बाहर रखा जाए।

यहां कई विधायकों ने कुछ लोगों को सदन में कार्यवाही की रील बनाने के लिए भी रखा है। उन्होंने कहा कि यहां एक माननीय सदस्य की पत्नी ने भी फेसबुक पर कोई न्यूजपेज या चैनल बनाकर रखा है, जिसका दुरुपयोग होता है।