राज्य में पंचायत चुनाव निरर्थक : मीरवाइज
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : ऑल पार्टी हुíरयत कांफ्रेंस के उदारवादी गुट के चेयरमैन मीरवाइज मौ
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : ऑल पार्टी हुíरयत कांफ्रेंस के उदारवादी गुट के चेयरमैन मीरवाइज मौलवी उमर फारूक ने शुक्रवार को कहा कि कश्मीर में भारतीय संविधान के तहत होने वाले पंचायत या संसदीय चुनाव निरर्थक हैं। जम्मू कश्मीर में केंद्र सरकार ने आज तक लोकतंत्र की भावना के अनुरूप कोई कदम नहीं उठाया है और न उसने यहां किसी लोकतांत्रिक संस्था को मजबूत होने दिया है। उसने अपनी ताकत का इस्तेमाल करते हुए कश्मीरियों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया है।
डाउन-टाउन स्थित जामिया मस्जिद में नमाज ए जुम्मा से पूर्व अपने खुतबे में नमाजियों को संबोधित करते हुए मीरवाइज ने कहा कि जम्मू कश्मीर में जो पंचायत व निकाय चुनाव प्रक्रिया चल रही है, वह सिर्फ धोखा है। यह कश्मीरियों की हक ए खुद इरादियत और आजादी की तहरीक को दबाने और उसे दुनिया में बदनाम करने की साजिश है। इन चुनावों का बहिष्कार जरूरी है क्योंकि बाद में इन्हीं चुनावों की तस्वीरें केंद्र सरकार दुनिया में दिखाकर कहेगी कि कश्मीर में हालात सामान्य हैं और लोग भारतीय संविधान के तहत ही खुश हैं। इसलिए ज्वाइंट रजिस्टेंस लीडरशिप द्वारा किए गए चुनाव बहिष्कार के आह्वान पर सभी लोग सख्ती से अमल करें और आठ अक्टूबर को अपने कारोबार बंद रखते हुए कश्मीर में सिविल कर्फ्यू लागू करें।
मीरवाइज ने कहा कि भारत को कश्मीर में लोकतंत्र को पूरी तरह लागू करते हुए कश्मीरियों को उनका हक-ए-खुद इरादियत देना चाहिए। कश्मीरी बीते 70 वर्षो से खुद मुख्तियारी के लिए लड़ रहे हैं। इसके लिए यहां हजारों नौजवानों ने अपनी जान कुर्बान की है। कश्मीर मसला ही भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव और दुश्मनी का मुख्य कारण है। इसलिए इसे तुरंत हल करना जरूरी है। इसके लिए भारत-पाकिस्तान और कश्मीरियों के बीच बातचीत हो। भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने भी कश्मीरियों को हक ए खुद इरादियत का यकीन दिलाया था। हम इसी वादे को पूरा करने की मांग करते हैं। यह हमारा बुनियादी हक है।