चेरी पार्क से होकर सड़क क्यों? श्रीनगर की नई परियोजना पर भड़कीं महबूबा मुफ्ती, वोट बैंक की राजनीति का लगाया आरोप
महबूबा मुफ्ती ने श्रीनगर में प्रस्तावित वेस्टर्न फोरशोर रोड परियोजना का विरोध किया, इसे वोट बैंक की राजनीति और पर्यावरण ...और पढ़ें

महबूबा मुफ्ती ने वेस्टर्न फोरशोर रोड का किया विरोध। (फाइल फोटो)
HighLights
महबूबा मुफ्ती ने सड़क परियोजना का कड़ा विरोध किया।
चेरी पार्क को इको पार्क बनाने की मांग की।
नगीन झील के पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने श्रीनगर में प्रस्तावित वेस्टर्न फोरशोर रोड परियोजना का विरोध किया है। उन्होंने होटल ममता से चेरी पार्क होते हुए हब्बक तक बनने वाली इस सड़क पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि इसके पीछे लोगों को गुमराह करने और वोट बैंक की राजनीति को आगे बढ़ाने की मंशा है। महबूबा ने कहा कि नगीन झील के आसपास के प्राकृतिक वातावरण और शांति को बनाए रखना जरूरी है।
चेरी पार्क को इको पार्क के रूप में संरक्षित करने की मांग
महबूबा मुफ्ती ने अपने बयान में कहा कि पर्यटन विभाग की ओर से विकसित चेरी पार्क को इको पार्क के रूप में संरक्षित किया जाना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि पर्यावरण के लिहाज से महत्वपूर्ण इस क्षेत्र को सड़क परियोजना के लिए क्यों प्रभावित किया जाए।
उनके मुताबिक, चेरी पार्क को राजनीतिक उद्देश्य पूरे करने के बजाय उसके प्राकृतिक महत्व को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित रखा जाना चाहिए।
सड़क के रूट पर भी चिंता जताई
पीडीपी अध्यक्ष ने प्रस्तावित सड़क के रूट पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से नगीन झील के शांत वातावरण पर संभावित असर को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि कश्मीर को विभाजनकारी राजनीति के बजाय पर्यावरण संरक्षण पर ध्यान देने की जरूरत है।
प्रस्तावित वेस्टर्न फोरशोर रोड को लेकर उनकी टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब झील के आसपास के पारिस्थितिक वातावरण को सुरक्षित रखने की जरूरत पर चर्चा हो रही है।
महबूबा ने अपने संदेश में स्पष्ट किया कि चेरी पार्क को इको पार्क के रूप में बचाया जाना चाहिए और नगीन झील की प्राकृतिक शांति से समझौता नहीं होना चाहिए।
