विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की कोशिश, सड़क किनारे मिला IED; जम्मू-कश्मीर के शोपियां में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम

Published: Sun, 20 Sep 2026 09:25 PM (IST)Updated: Sun, 20 Sep 2026 09:27 PM (IST)

शोपियां के अवनीरा इलाके में सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान के दौरान सड़क किनारे एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) का पता लगाया।

शोपियां में IED मिलने पर सर्च ऑपरेशन शुरू। फाइल फोटो

शोपियां में IED मिलने पर सर्च ऑपरेशन शुरू। फाइल फोटो

HighLights

  1. शोपियां के अवनीरा में सड़क किनारे मिला संदिग्ध आईईडी।

  2. बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षित निष्क्रिय किया।

  3. सुरक्षा बलों ने एक बड़े आतंकी मंसूबे को नाकाम किया।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के अवनीरा इलाके में रविवार को उस समय सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई, जब तलाशी अभियान के दौरान सड़क किनारे एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। जांच के बाद इसकी पहचान एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आइइडी) के रूप में हुई।

अधिकारियों के मुताबिक, बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर डिवाइस को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। इस दौरान किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, अवनीरा इलाके में सुरक्षा बल तलाशी अभियान चला रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे संदिग्ध वस्तु नजर आने पर सुरक्षा बलों ने तत्काल इलाके को अपने नियंत्रण में ले लिया। किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए आसपास लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई गई और पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया।

आईईडी को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय

इसके बाद बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया। पुलिस और अन्य सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में विशेषज्ञों ने स्थिति का जायजा लिया और आइइडी को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय किया। अधिकारियों ने बताया कि पूरी कार्रवाई के दौरान विशेष सावधानी बरती गई, ताकि आम लोगों और आसपास की संपत्ति को किसी प्रकार का नुकसान न हो।

पुलिस की जांच जारी

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आइइडी की बरामदगी और उसके निष्क्रिय किए जाने की पुष्टि की है। अधिकारी के अनुसार, मामले में आगे की जांच शुरू कर दी गई है। अवनीरा में हुई इस बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियां इलाके में सतर्कता बनाए हुए हैं। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों को सामने लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।