धौनी ने लद्दाख में जवानों का बढ़ाया हौसला
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने स्वतंत्रता दिवस पर लेह में तिरंगा फहराया और सेना के जवानों के साथ समय बिताया।
राज्य ब्यूरो, जम्मू: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और सेना की 106 टीए बटालियन (स्पेशल फोर्स) के लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र सिंह धौनी ने केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में चीन, पाकिस्तान जैसे देशों के सामने सीने ताने खड़े सेना के जवानों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने लेह में स्वतंत्रता दिवस पर लेह वासियों के साथ तिरंगा फहरा कर राष्ट्रीय त्योहार की खुशियां साझा कीं। साथ ही सियाचिन वार मेमोरियल में सेना के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। लद्दाख में स्वतंत्रता दिवस मनाने के बाद धौनी बटालियन के अधिकारियों से स्वीकृति लेकर वापस घर लौट गए।
धौनी बुधवार को लेह पहुंचे थे। वह सैन्य अस्पताल भी गए। वहां उन्होंने उपचाराधीन सैनिकों व अस्पताल के स्टाफ से बातचीत की। इसके बाद जम्मू लौट आए। लद्दाख में लोगों से बातचीत को साझा करते हुए धौनी ने बताया कि सैन्य अधिकारियों व जवानों के साथ वह पीटी करते, वॉलीबाल खेलते और अपने सभी निजी कार्य खुद करते। अपने अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों की हाजिरी लेने के साथ उनके लिए काम भी आवंटित करते। ड्यूटी पूरी होने पर वह अपने वरिष्ठ अधिकारियों को कामकाज की रिपोर्ट भी देते रहे।
धौनी अपनी यूनिट के साथ 15 दिन ड्यूटी करने के लिए दो अगस्त को कश्मीर पहुंचे थे। उन्होंने कश्मीर में तनाव के बीच अवंतीपोरा में विक्टर फोर्स मुख्यालय में दूसरे सैन्याधिकारियों की तरह गार्ड और पोस्ट ड्यूटी निभाई। हाईवे पर गश्त की। जवानों के साथ वालीबाल का आनंद लिया।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी सेना की 106 टीए पैरा बटालियन के मानद लेफ्टिनेंट कर्नल हैं। उन्हें यह रैंक 2011 में प्रदान किया गया था। सेना में डयूटी से पूर्व उन्होंने पैराशूट ट्रेनिग जंप व अन्य प्रशिक्षण लिया है। उन्होंने 2 अगस्त को श्रीनगर पहुंचकर औपचारिक रूप से अपनी डयूटी को संभाला था।