बडगाम में खूंखार तेंदुए का तांडव, आधी रात बाड़े में घुस 16 भेड़ों को मारा 17 घायल; ग्रामीणों में खौफ
मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में एक तेंदुए ने भेड़ों के बाड़े पर हमला कर 16 भेड़ों को मार डाला और 17 को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
-1789015650326_m.webp)
इलाके में तेंदुए की आवाजाही से दहशत। (फाइल फोटो जागरण)
HighLights
बडगाम में तेंदुए ने भेड़ों के बाड़े पर हमला किया
हमले में 16 भेड़ों की मौत, 17 अन्य गंभीर घायल हुईं
पीड़ित पशुपालक ने सरकार से तत्काल मुआवजे की मांग की
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में जंगली जानवरों के हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। चडूरा इलाके के बाडीपोरा गांव में बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात एक खूंखार तेंदुए ने भेड़ों के बाड़े में घुसकर जमकर तबाही मचाई।
इस हमले में 16 भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 17 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। पीड़ित पशुपालक इम्तियाज अहमद चोपान ने बताया कि रात के अंधेरे में वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे, तभी बाड़े से भेड़ों के चीखने-चिल्लाने की आवाजें आने लगीं।
जब तक वह बाहर निकलकर कुछ समझ पाते, तब तक जंगली जानवर अपना काम कर चुका था। चोपान का मानना है कि हमला तेंदुए ने ही किया है, हालांकि वन्यजीव विभाग ने अभी तक जानवर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पीड़ित ने की मुआवजे की गुहार
इम्तियाज अहमद चोपान के लिए ये भेड़ें सिर्फ जानवर नहीं, बल्कि उनके पूरे परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा थीं। एक ही रात में 16 भेड़ों के मारे जाने और 17 के घायल होने से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
आंखों में आंसू लिए चोपान ने कहा कि उनका गुजारा इसी पशुपालन से होता है। इस घटना ने उनकी कमर तोड़ दी है। उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन से तत्काल मदद और नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजे की अपील की।
उन्होंने बताया कि घायल भेड़ों का इलाज स्थानीय लोगों की मदद से कराया जा रहा है, लेकिन कईयों की हालत नाजुक बनी हुई है।

वहीं इस घटना के बाद से पूरे बडगाम और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में पिछले कुछ महीनों से तेंदुए की आवाजाही बढ़ गई है।
उन्होंने वन्यजीव विभाग से मांग की है कि टीम भेजकर मौके का निरीक्षण किया जाए, पिंजरे लगाए जाएं और भविष्य में ऐसे हमलों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं ताकि किसी इंसान को नुकसान न पहुंचे।
यह भी पढ़ें- जम्मू कश्मीर से नशीले पदार्थ लाकर दिल्ली में सप्लाई करने वाला गिरफ्तार, लाजपत नगर में बनाया था ठिकाना
