35ए के मुद्दे पर कानून मंत्री दिल्ली रवाना
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : कानून मंत्री अब्दुल हक खान धारा 35ए के मुद्दे पर दिल्ली मिशन पर शुक्र
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : कानून मंत्री अब्दुल हक खान धारा 35ए के मुद्दे पर दिल्ली मिशन पर शुक्रवार अकेले ही रवाना हो गए। अन्य तीन मंत्री किन्ही कारणों से उनके साथ नहीं गए, वह बाद में जाएंगे।
गौरतलब है संविधान की धारा 35ए को समाप्त करने की एक याचिका सर्वाेच्च न्यायालय में दायर है। इस पर 29 अगस्त को सुनवाई होनी है। राज्य में विभिन्न संगठन इस धारा के संरक्षण को यकीनी बनाने के लिए लामबंद हो चुके हैं। राज्य सरकार भी इसके पक्ष में है। नई दिल्ली स्थित विभिन्न केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न राजनीतिक दलों और बुद्घिजीवियों में धारा 35ए के संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करने, जम्मू-कश्मीर के लिए इसकी अहमियत से अवगत कराने और सर्वाेच्च न्यायालय में इसके संरक्षण को यकीनी बनाने के लिए मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कानून मंत्री अब्दुल हक खान, वित्तमंत्री डॉ. हसीब द्राबु, बागवानी मंत्री बशारत बुखारी और सूचना मंत्री चौधरी जुल्फिकार अली को नई दिल्ली भेजने का फैसला किया था।
इन चारों मंत्रियों को नई दिल्ली रवाना होना था, लेकिन दोपहर तक इनके दिल्ली रवाना होने को लेकर संशय बना रहा और कानून मंत्री व सूचना मंत्री दोपहर तक जम्मू में ही रहे।
देर रात गए सूचना मंत्री जुल्फिकार अली ने फोन पर बताया कि वह दिल्ली नहीं गए हैं। उन्होंने दिल्ली नहीं जाने का कारण नहीं बताया। वित्तमंत्री डॉ. हसीब द्राबु और बागवानी मंत्री ने फोन नहीं उठाया। कानून मंत्री अब्दुल हक खान भी फोन पर नहीं मिले। हालांकि उनके एक करीबी ने बताया कि कानून मंत्री अब्दुल हक खान शाम को अकले ही दिल्ली रवाना हुए हैं। अन्य लोग बाद में जाएंगे।