विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

श्रीनगर के लाल चौक डाकघर की टाइमिंग बदली, अब रात 9 बजे तक खुला रहेगा; दुकानदारों और पर्यटकों को बड़ी राहत

Published: Wed, 14 Oct 2026 03:30 PM (IST)

श्रीनगर के लाल चौक स्थित डाकघर का समय अब रात 9 बजे तक बढ़ा दिया गया है, जिससे दुकानदारों, कारोबारियों ...और पढ़ें

श्रीनगर के लाल चौक डाकघर में रात 9 बजे तक मेल-पार्सल की सुविधा। (फाइल फोटो)

श्रीनगर के लाल चौक डाकघर में रात 9 बजे तक मेल-पार्सल की सुविधा। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. लाल चौक डाकघर का समय रात 9 बजे तक बढ़ा।

  2. दुकानदारों, कारोबारियों और आम जनता को मिलेगी राहत।

  3. डाक सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने का उद्देश्य।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। श्रीनगर के व्यस्ततम व्यावसायिक केंद्र लाल चौक में दुकानदारों, कारोबारियों और आम लोगों को डाक सेवाओं का लाभ उठाने के लिए अब समय की पाबंदी से कुछ राहत मिलेगी। लाल चौक स्थित डाकघर के कामकाज का समय बढ़ाकर रात 9 बजे तक कर दिया गया है। अब यह डाकघर सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक खुला रहेगा, जबकि पहले इसकी सेवाएं शाम पांच बजे तक ही उपलब्ध थीं।

डाक विभाग की इस पहल से लोगों को शाम के समय भी मेल और पार्सल बुक कराने की सुविधा मिलेगी। खास तौर पर उन लोगों के लिए यह कदम राहत भरा साबित हो सकता है, जो अपने व्यावसायिक और अन्य जरूरी कामों के कारण नियमित कार्यावधि के दौरान डाकघर नहीं पहुंच पाते हैं।

कारोबारियों और दुकानदारों को राहत

लाल चौक श्रीनगर का एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र है, जहां दिनभर दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और बाजारों में गतिविधियां जारी रहती हैं। ऐसे में डाकघर का समय बढ़ने से कारोबारियों को दिनभर का काम निपटाने के बाद भी अपने जरूरी दस्तावेज, पत्र और पार्सल बुक कराने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा।

इसके अलावा, शहर में आने वाले पर्यटकों को भी इस सुविधा का लाभ मिलने की उम्मीद है। अतिरिक्त समय उपलब्ध होने से पर्यटक अपनी सुविधा के अनुसार डाक सेवाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे।

डाक सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने पर जोर

डाकघर के वरिष्ठ अधीक्षक आदम मोहिउद्दीन (आईपीओएस) ने कहा कि कामकाज के समय में विस्तार का मुख्य उद्देश्य डाक सेवाओं को लोगों के लिए अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से उन लोगों को इससे फायदा होगा, जिन्हें अपने व्यस्त कार्यक्रम के कारण सामान्य कार्यावधि में डाकघर पहुंचने में परेशानी होती है।