कुलगाम में बड़ी कार्रवाई, महिला समेत 3 नशा तस्कर गिरफ्तार; दो अलग-अलग नाकों पर भारी मात्रा में हेरोइन बरामद
कुलगाम पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत तीन ड्रग पैडलर्स को गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

कुलगाम में नशा तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, तीन गिरफ्तार। (फाइल फोटो)
HighLights
कुलगाम पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।
एक महिला सहित तीन ड्रग पैडलर्स को गिरफ्तार किया गया।
दो अलग-अलग अभियानों में 190.5 ग्राम हेरोइन जब्त हुई।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाईयों में एक महिला समेत तीन कुख्यात ड्रग पैडलर्स को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से कुल 190.5 ग्राम हेरोइन जैसा प्रतिबंधित पदार्थ बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई काजीगुंड के अपर मार्केट टाउन हॉल के पास की गई। वहां डायनेमिक नाका चेकिंग के दौरान पुलिस पार्टी को एक महिला संदिग्ध हालत में घूमती हुई मिली। शक होने पर जब उसके बैग की तलाशी ली गई तो काले पॉलीथिन में पैक 20.5 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद हुआ।
पकड़ी गई महिला की पहचान अक्सा बशीर पुत्री बशीर अहमद डार निवासी हार्डपोरा अकीनपोरा, अनंतनाग के रूप में हुई है। इस संबंध में पुलिस थाना काजीगुंड में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
युवकों के पास से 170 ग्राम हेरोइन बरामद
इसी बीच दूसरी बड़ी कार्रवाई नवयुग टनल के नॉर्थ पोर्टल के पास की गई। पुलिस पोस्ट नवयुग टनल की टीम ने नाका लगाकर एक सिल्वर रंग की स्विफ्ट डिजायर कार जिसका नंबर जेके09ई-9019 है, को रोका। तलाशी के दौरान कार में सवार दो युवकों के पास से 170 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान मीर पुत्र मोहम्मद अकरम मीर और मुहब्बत डार पुत्र मकसूद अहमद डार, दोनों निवासी करनाह, कुपवाड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। यह मामला भी थाना काजीगुंड में दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस नशे के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
कुलगाम पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ अभियान और तेज करेगी
वहीं एसएसपी कुलगाम आइपीएस अनायत अली चौधरी ने कहा कि कुलगाम पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ अपना अभियान और तेज करेगी और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और नशा तस्करी से जुड़ी कोई भी जानकारी तुरंत पुलिस के साथ साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
