कश्मीर में मौसम बदला, अफरवट से जोजिला तक बर्फबारी; श्रीनगर समेत निचले इलाकों में बारिश, जानें अगले 24 घंटे का अपडेट
Kashmir Weather: कश्मीर में उच्च पर्वतीय इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी हुई और निचले क्षेत्रों में बूंदाबांदी जारी रही। ...और पढ़ें

कश्मीर में पहाड़ों पर बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश। (फाइल फोटो)
HighLights
घाटी में मौसम ने ली करवट, उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी।
निचले क्षेत्रों में बूंदाबांदी, अगले 24 घंटे तीखा रहेगा मौसम।
8 से 11 अक्टूबर तक पश्चिमी विक्षोभ से बर्फबारी-बारिश की संभावना।
जागरण संवाददाता, श्रीनगर। मौसम विभाग की भविष्यवाणी मंगलवार को सच साबित हो गई और घाटी में मौसम ने करवट बदल ली, उच्च पर्वतीय इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी हुई। निचले इलाकों में बूंदाबांदी का सिलसिला शुरू हो गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान घाटी में मौसम के मिजाज तीखे बने रहने और इस बीच ऊपरी इलाकों में बर्फबारी जबकि निचले इलाकों में बारिश की संभावना जताई है।
गौरतलब है कि विभाग ने भविष्यवाणी की थी कि पश्चमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते घाटी में 8 अक्तूबर को मौसम के मिजाज बदल जाएंगे और इसका प्रभाव 6 अक्तूबर से ही दिखेगा। आज यानी मंगलवार तड़के मौसम ने करवट बदल ली और उच्च इलाकों में बारिश शुरू हुई और कुछ देर बाद बारिश के साथ बर्फबारी का सिलसिला भी शुरू हो गया।
जानकारी के अनुसार, अफरवट, गुरेज, जोजिला दर्रा, राजदान टाप आदि में बारिश के साथ बर्फबारी का सिलसिला इस खबर के लिखे जाने तक रुक रुक कर जारी था।
घाटी के निचले इलाकों में दिनभर बारिश
इधर, श्रीनगर समेत घाटी के अधिकांश निचले इलाकों में दिनभर बारिश होती रही। हालांकि श्रीनगर व इसके आसपास के इलाकों में दोपहर तक बारिश तक आसमान घने बादलों से ढका रहा। अलबत्ता दोपहर बाद इन इलाकों में हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई।
आगे कैसा रहेगा कश्मीर का मौसम?
बता देते हैं कि मौसम विभाग ने 8 अक्तूबर से 11 अक्तूबर तक घाटी में पश्चमी विक्षोभ के चलते घाटी के मौसम के मिजाज तीखे बने रहेंगे और इस बीच घाटी के उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी जबकि निचले इलाकों में बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के निदेशक डा मुख्तार ने कहा, '7 अक्तूबर को मौसम में सुधार देखने को मिलेगा। अलबत्ता 8 अक्तूबर को मौसम के मिजाज फिर से तीखे हो जाएंगे और इस बीच उच्च पर्वतीय इालकों में ताजा बर्फबारी, जबकि निचले इलाकों में बारिश हो सकती है।
उन्होंने कहा कि पश्चमी विक्षोभ के चलते मौसम में आने वाले इस परविर्तन का प्रभाव 11 अक्तूर तक रहेगा जबकि 12 अक्तूबर से मौसम में फिर से सुधार आना शुरू हो जाएगा।
