काले बादल, तेज बारिश और फिर ओले... कश्मीर में अचानक बिगड़ा मौसम, बिजली के खंभे-पेड़ गिरे, कई इलाकों में ब्लैकआउट
घाटी में बुधवार देर शाम मौसम ने करवट बदली, जिससे श्रीनगर समेत कई इलाकों में तेज हवाएं, बारिश और ओलावृष्टि ...और पढ़ें

कश्मीर में तेज बारिश के साथ ओले गिरे। (फाइल फोटो)
HighLights
घाटी में बुधवार को अचानक बदला मौसम, तेज हवाएं और बारिश।
उत्तरी कश्मीर में ओलावृष्टि से सेब और धान की फसल प्रभावित।
श्रीनगर सहित कई जिलों में मकानों और बिजली के खंभों को क्षति।
जागरण संवाददाता, श्रीनगर। घाटी में बुधवार देर शाम मौसम ने अचानक करवट बदल ली और श्रीनगर समेत कई इलाकों में तेज हवाए चली और बारिश हुई। सब से अधिक प्रभाव उत्तरी कश्मीरमें देखने को मिला जहां बारामूला जिले के सोपोर और आस-पास के इलाकों में भारी बारिश के साथ ओले गिरे, जिससे मौसम अचानक बदल गया और तापमान में काफी गिरावट आई।
शाम को इलाके में काले बादल छाने के साथ ही तेज़ बारिश और ओले गिरने का दौर शुरू हुआ। मौसम खराब होने पर लोग घरों में दुबक गए और बाहरी गतिविधियां रुक गईं। ओलावृष्टि से किसानों और फल उत्पादकों में चिंता बढ़ गई है क्योंकि उत्तरी कश्मीर के कई हिस्सों में अभी सेब की तुड़ाई और धान की कटाई का काम चल रहा है।
तेज आंधी से कई घंटों तक बिजली सप्लाई प्रभावित
बांडीपुर, कुपवाड़ा, गांदरबल, अनंतनाग व शौपियां में भी बुधवार देर शाम चली तेज आंधी से मकानों की छतों, बिजली के खंबों व पेड़ों को नुकसान पहुंचा। इधर, श्रीनगर व इसके साथ सटे इलाकों में भी तेज आंधी ने मकानों की छतों, बिजली के खंबों को क्षति पहुंची। शहर के कई इलाकों में कई घंटों तक बिजली की सप्लाई को प्रभावित रखा।
सीजन के इस दौर में ओले गिरने से पेड़ों पर लगे सेब और पहले से तोड़े गए फल, दोनों को नुकसान हो सकता है, हालांकि तेज आंधी व ओलावृष्टि से फसल को हुए नुकसान की सीमा का तुरंत पता नहीं चल पाया। बागों, फसलों या संपत्ति को हुए नुकसान का कोई तत्काल आधिकारिक आकलन नहीं किया गया।
पहाड़ों पर बर्फ तो घाटी में बारिश
हाल के दिनों में पतझड़ के मौसम में अपेक्षाकृत गर्मी के बाद, पहाड़ों पर हुई ताजा बर्फबारी व निचले इलाकों में हुई बारिश से घाटी में प्रचंड गर्मी का प्रभाव कमजोर हो गया है।
घाटी में आज मौसम
इस बीच घाटी में वीरवार को मौसम शुष्क रहा। श्रीनगर समेत घाटी के अधिकांश इलाकों में दिनभर धूप छाई रही। इस बीच मौसम विभाग के अनुसार अगले चौबीस घंटों के दौरान घाटी के कुछेक इलाके में हलकी बारिश हो सकती है जबकि निचले इलाकों में मौसम के मिजाज आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है।
