विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Kashmir Weather: अक्टूबर में गर्म हुआ कश्मीर, श्रीनगर में टूटा 18 साल का रिकॉर्ड; गुलमर्ग में भी मौसम ने चौंकाया

Published: Mon, 05 Oct 2026 06:00 AM (IST)

इस अक्टूबर कश्मीर में असामान्य गर्मी दर्ज की गई है, जहां श्रीनगर, काजीगुंड और कोकरनाग जैसे कई इलाकों में तापमान ने पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

कश्मीर में अक्टूबर में भी लग रही गर्मी। फोटो एआई की मदद से बनाई गई है

कश्मीर में अक्टूबर में भी लग रही गर्मी। फोटो एआई की मदद से बनाई गई है

HighLights

  1. श्रीनगर में 31.2 डिग्री सेल्सियस तापमान, अक्टूबर का दूसरा सबसे गर्म दिन।

  2. काजीगुंड और कोकरनाग में अक्टूबर के तापमान के रिकॉर्ड टूटे।

  3. गुलमर्ग में भी असामान्य गर्मी, सामान्य से 6.7 डिग्री ऊपर।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जिस कश्मीर में अक्टूबर के आते ही मौसम में ठंडक घुलने लगती है और सुबह-शाम सर्द हवाओं का अहसास शुरू हो जाता है, वहां इस बार मौसम ने अपना अलग ही रंग दिखाया है। रविवार को घाटी के कई हिस्सों में तापमान ने ऐसा उछाल मारा कि अक्टूबर के पुराने रिकॉर्ड तक टूट गए। श्रीनगर से लेकर काजीगुंड, कोकरनाग और गुलमर्ग तक मौसम का मिजाज सामान्य से कहीं ज्यादा गर्म रहा।

श्रीनगर में रविवार को अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह अक्टूबर का अब तक का दूसरा सबसे अधिक तापमान है। यह तापमान 2 अक्टूबर 2008 को दर्ज 31.1 डिग्री के पिछले रिकॉर्ड से भी अधिक रहा। हालांकि श्रीनगर में अक्टूबर का सर्वकालिक रिकॉर्ड अभी भी 33.9 डिग्री सेल्सियस है, जो 2 अक्टूबर 1931 को दर्ज किया गया था।

गुलमर्ग में भी मौसम ने चौंकाया

घाटी के अन्य इलाकों में भी गर्मी ने हैरान किया। काजीगुंड में पारा 31.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और यहां अक्टूबर का पुराना रिकॉर्ड टूट गया। इससे पहले यहां अक्टूबर में सर्वाधिक तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। रविवार का तापमान सामान्य से 7.3 डिग्री अधिक रहा।

ऊंचाई वाले पर्यटन स्थल गुलमर्ग में भी मौसम ने चौंकाया। यहां अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो एक दिन पहले दर्ज 23 डिग्री के पुराने अक्टूबर उच्च स्तर से भी ज्यादा है। गुलमर्ग का अक्टूबर रिकॉर्ड 23.4 डिग्री है, जो 1 अक्टूबर 2009 को दर्ज किया गया था। रविवार का तापमान सामान्य से 6.7 डिग्री ऊपर रहा, जिससे यह गुलमर्ग का अक्टूबर में दूसरा सबसे गर्म दिन बन गया।

काजीगुंड और कोकरनाग में टूटा रिकॉर्ड 

इसी तरह कोकरनाग में तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया और यहां भी अक्टूबर का नया रिकॉर्ड बन गया। इससे पहले अक्टूबर का उच्चतम तापमान 29.2 डिग्री था, जो 4 अक्टूबर 2008 को दर्ज हुआ था। कोकरनाग में तापमान सामान्य से 5.8 डिग्री अधिक रहा।

स्वतंत्र मौसम पूर्वानुमानकर्ता फैजान आरिफ ने घाटी के कई मौसम केंद्रों पर दर्ज तापमान को अक्टूबर के लिहाज से असाधारण बताया। उनके मुताबिक काजीगुंड और कोकरनाग में अक्टूबर के रिकॉर्ड टूटना इस बात का संकेत है कि घाटी में गर्मी का यह दौर सामान्य मौसमी बदलाव से अलग है।

दरअसल, अक्टूबर में कश्मीर में तापमान का धीरे-धीरे नीचे जाना सामान्य प्रक्रिया मानी जाती है। लेकिन इस बार घाटी के मैदानी इलाकों से लेकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों तक गर्मी का असर दिखाई दे रहा है। यही वजह है कि मौसम का यह बदलाव स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी चर्चा का विषय बन गया है।