कश्मीर में सर्दी अभी से दिखाने लगी तेवर, 24 अक्टूबर से फिर बारिश-बर्फबारी; नवंबर तक शून्य के करीब पहुंचेगा पारा
kashmir weather: घाटी में सर्दियों ने दस्तक दे दी है, जिससे पारा जमाव बिंदु के करीब पहुंच गया है और ...और पढ़ें

कश्मीर घाटी में सर्दी का सितम शुरू, तापमान में भारी गिरावट दर्ज। (फाइल फोटो)
HighLights
घाटी में तापमान जमाव बिंदु के करीब पहुंचा, ठंड बढ़ी।
लोग गर्म कपड़ों और हीटर का उपयोग कर रहे हैं।
24 अक्टूबर से बारिश-बर्फबारी का नया दौर संभव।
जागरण संवाददाता, श्रीनगर। घाटी में सर्दियों ने दस्तक देते ही ठंड का असर दिखाना शुरू कर दिया है। रात का तापमान जमाव बिंदु के करीब पहुंचने से दिन में निकलने वाली धूप भी लोगों को ठंड से राहत नहीं दे पा रही है। दिनभर धूप खिलने के बावजूद लोग ठिठुरन महसूस कर रहे हैं।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में मैदानी इलाकों में रुक-रुककर हुई बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बाद घाटी के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। इसके चलते न्यूनतम और अधिकतम, दोनों तापमान सामान्य से नीचे बने हुए हैं। नतीजतन, धूप की गर्माहट कम हो गई है और ठंड का असर बढ़ने लगा है।
कोयले और लकड़ी का इंतजाम करने में जुटे लोग
श्रीनगर समेत अधिकांश इलाकों में सुबह-शाम की ठंड से बचने के लिए लोग गर्म कपड़ों और गर्मी देने वाले उपकरणों का सहारा ले रहे हैं। वहीं, ग्रामीण इलाकों में लोगों ने सर्दियों, खासकर चिल्लई कलां, की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। लोग ठंड से बचने के लिए कोयले, लकड़ी और अन्य ईंधन का इंतजाम करने लगे हैं।
इधर घाटी आने वाले पर्यटकों के लिए यह मौसम सुहावना बना हुआ है और वह यहां के पर्यटन स्थलों पर इसको भरपूर तरीके से लुत्फ उठाते नजर आ रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में मौसम के शुष्क बने रहने की भविष्यवाणी के कारण रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
24 अक्टूबर से बारिश और बर्फबारी की संभावना
संबंधित विभाग ने 24 अक्टूबर से एक और दौर की बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। इसके तहत मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में ताजी बर्फबारी होने की उम्मीद है।
इस दौरान अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है, जबकि बादलों की मौजूदगी न्यूनतम तापमान को बढ़ा सकती है। 25 अक्टूबर से मौसम फिर से शुष्क होने की उम्मीद है और यह स्थिति महीने के अंत तक बनी रहेगी, जिससे दिन गर्म और रातें ठंडी रहेंगी।
नवंबर तक शून्य के करीब पहुंचेगा पारा
विभाग के एक अधिकारी ने बताया, 'नवंबर तक ज्यादातर केंद्रों पर न्यूनतम तापमान शून्य के करीब या उससे नीचे जा सकता है। उन्होंने कहा कि दिसंबर में सर्दियों की शुरुआत के साथ ठंड और बढ़ जाएगी। ठंड का असर जम्मू संभाग के डोडा, किश्तवाड़, रामबन, राजौरी और पुंछ जिलों के चिनाब घाटी और पीर पंजाल क्षेत्रों तक भी पहुंच गया है।
