कश्मीर की बर्फीली वादियों ने खींचे पर्यटक, नवंबर-दिसंबर के लिए एडवांस बुकिंग शुरू; क्या बंपर रहेगा विंटर सीजन?
घाटी में ताजा बर्फबारी ने पर्यटकों को आकर्षित किया है, जिससे पर्यटन उद्योग को बंपर विंटर सीजन की उम्मीद है। ...और पढ़ें

ज़ोजिला इलाके में बर्फबारी का आनंद लेते पर्यटक। (फोटो- जागरण/साहिल मीर)
HighLights
कश्मीर में ताजा बर्फबारी ने पर्यटकों को आकर्षित किया।
पर्यटन उद्योग को बंपर विंटर सीजन की उम्मीद है।
नवंबर-दिसंबर के लिए एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है।
जागरण संवाददाता, श्रीनगर। घाटी में सर्दियों की आमद के साथ ही गुलमर्ग, सोनमर्ग समेत घाटी के उच्च पर्वतीय इलाकों में हुई ताजा बर्फबारी ने जहां देश विदेश के पर्यटकों को घाटी की तरफ आकर्षित कर दिया है। वहीं पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों का कहना है कि यह आगामी विंटर सीजन का शुभारम्भ है और इससे उन्हें एक बम्पर टूरिजम सीजन की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अल नीनो के प्रभाव के चलते इस बार कश्मीर घाटी में सर्दियों के दौरान मौसम शुष्क रह सकता है। ऐसे में बारिश और बर्फबारी सामान्य से कम होने की संभावना है। हालांकि, पिछले दिनों पश्चिमी विक्षोभ के असर से घाटी के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हुई, जबकि निचले इलाकों में बारिश हुई।
बर्फबारी से जगी बंपर विंटर टूरिज्म सीजन की उम्मीद
गुलमर्ग, सोनमर्ग और गुरेज समेत घाटी के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी के बाद यहां घूमने के इच्छुक पर्यटकों का ध्यान कश्मीर की ओर आकर्षित होने लगा है। बर्फ की चादर ओढ़े पहाड़ों और वादियों का नजारा देखने के लिए पर्यटक यहां का रुख करने लगे हैं।
वहीं, पर्यटन कारोबार से जुड़े लोग इस बर्फबारी को सर्दियों में अच्छे पर्यटन सीजन का संकेत मान रहे हैं। उनका मानना है कि आने वाले दिनों में और बर्फबारी होने पर बड़ी संख्या में पर्यटक कश्मीर पहुंच सकते हैं और यहां के बर्फीले नजारों का आनंद ले सकते हैं।
समय से पहले बर्फबारी होना एक अच्छा संकेत
जम्मू-कश्मीर होटलियर्स क्लब के अध्यक्ष मुश्ताक चाया ने कहा कि समय से पहले बर्फबारी होना एक अच्छा संकेत है। इससे विंटर टूरिज्म को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि जिस तरह पर्यटकों का आना शुरू हो गया है और गुलमर्ग, सोनमर्ग व पहलगाम में उनकी मौजूदगी दिख रही है, उससे उम्मीद है कि इस बार सर्दियों का पर्यटन सीजन काफी अच्छा रहेगा।
सोनमर्ग में आधे से ज्यादा होटल कमरे भरे
सोनमर्ग के होटल मालिक तसादुक मीर ने कहा कि सोनमर्ग के मुख्य इलाके में हुई बर्फबारी जल्द ही पिघल गई, लेकिन थाजवास और आसपास की ऊंची पहाड़ियां अब भी बर्फ से ढकी हुई हैं। इन बर्फीले नजारों को देखने के लिए अच्छी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटकों के आने का सिलसिला देखकर उम्मीद है कि सर्दियों में भी यहां पर्यटकों की भीड़ बनी रहेगी।
मीर ने बताया कि इन दिनों सोनमर्ग के सभी होटलों में पर्यटक ठहरे हुए हैं। हालांकि, उन्होंने यह नहीं कहा कि होटल पूरी तरह भरे हुए हैं, लेकिन ज्यादातर होटलों के आधे से ज्यादा कमरों में पर्यटक ठहरे हुए हैं।
नवंबर-दिसंबर के लिए एडवांस बुकिंग शुरू
साजिद इरफान नामक एक स्थानीय टूर एंड ट्रेवल एजेंट ने कहा, 'नवंबर दिसंबर के लिए पर्यटकों ने एडवांस बुकिंग करनी शुरू कर दी है। हालिया हुई ताजा बर्फबारी के बाद पर्यटक फोन कर पूछते हैं कि अभी उन्हें बर्फ कहां-कहां देखने को मिलेगी।'
इरफान के अनुसार, जिस तरह से पर्यटक सर्दियों के लिए अपनी एडवांस बुकिंग करवा रहे हैं, एेसे में उन्हें उम्मीद है कि गत वर्ष हुए आतंकी हमले से हुए नुकसान की भरपाई करने में यह वर्ष काफी हद तक मदद करेगा।
सर्दियों में भी पर्यटकों को लुभाती हैं बर्फीली वादियां
गर्मियों के साथ-साथ सर्दियों में भी कश्मीर अपनी बेमिसाल खूबसूरती के चलते पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना रहता है। बर्फ की चादर ओढ़े पहाड़ों और वादियों का नजारा देखने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं।
