Kashmir Situation:उत्तरी कमान प्रमुख ने कहा- सीमा पार से एक भी गोली चली तो मिलेगा करारा जवाब
Kashmir Situation-उत्तरी कमान प्रमुख व 16 कोर कमांडर ने अधिकारियों को दिए निर्देश-राजौरी व बटोत का दौरा कर सैन्य अधिकारियों से हालात पर की चर्चा
राजौरी, जागरण संवाददाता। पाकिस्तानी सेना की गोलाबारी के मद्देनजर सेना की उत्तरी कमान प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह और 16 कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल परमजीत सिंह संघा ने राजौरी व बटोत क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अगर सीमा पार से एक भी गोली चलती है तो उसका करारा जवाब दें। उन्होंने राजौरी सेक्टर में अग्रिम चौकियों का दौरा कर सैन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र के हालात पर चर्चा की।
उत्तरी कमान प्रमुख और कोर कमांडर को नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर सुरक्षा हालात से निपटने की तैयारियों के बारे में अवगत कराया गया। उन्हें पांच अगस्त के बाद पाकिस्तान द्वारा युद्ध विराम उल्लंघन में बढ़ोतरी और एलओसी पर नागरिक आबादी को लक्षित करने और रिहायशी क्षेत्रों में गोले दागने की भी जानकारी दी गई। गोलाबारी की आड़ में आतंकियों की घुसपैठ रोकने के बारे में भी बताया गया। इस दौरान उत्तरी कमान व 16 कोर कमांडर ने अधिकारियों को कई दिशानिर्देश जारी किए। इसके बाद बटोत के लिए रवाना हो गए।
तीन वीर जवानों को किया सम्मानित काउंटर इंसरजेंसी फोर्स (डेल्टा) ने दोनों अधिकारियों को हाल ही में बटोत में सफल मुठभेड़ के बारे में बताया, जिसमें हिजबुल मुजाहिदीन के तीन खूंखार आतंकियों को मार गिराया गया था। उत्तरी कमान प्रमुख ने बटोत में ऑपरेशन ट्राई शक्ति के दौरान तीन वीर जवानों को उनकी बहादुरी के लिए मौके पर ही सम्मानित किया।
उन्होंने एलओसी और भीतरी इलाकों में किए जा रहे सेना के जवानों व अधिकारियों के कार्यो की सराहना की। उन्होंने सुरक्षाबलों और नागरिक प्रशासन के बीच तालमेल को भी सराहा। इसके साथ ही शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखते हुए सरकारी नीतियों में विश्वास दिखाने के लिए अवाम की प्रशंसा की।