कश्मीर में सोमवार से फिर लग सकता है लॉकडाउन
प्रदेश उच्च प्रशासन के कुछ अधिकारी सोमवार से कम से कम एक पखवाड़े के लिए लॉकडाउन को फिर से बहाल करने पर विचार कर रहे हैं।
जेएनएन, श्रीनगर: कोरोना संक्रमण और इससे मरने वालों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए कश्मीर में सोमवार से फिर लॉकडाउन लग सकता है। प्रशासन इस पर विचार कर रहा है। वादी के विभिन्न संगठनों ने भी प्रशासन से लाकडाउन को लागू करने का आग्रह किया है। कुपवाड़ा में जिला प्रशासन ने 15 जुलाई तक सभी बाजार और सार्वजनिक वाहन बंद रखने को कहा है। वहीं, बारामुला के कई हिस्सों में शनिवार को प्रशासनिक बंद था।
डॉक्टर्स एसोसिएशन कश्मीर ने लॉकडाउन लागू करने के लिए उपराज्यपाल जीसी मुर्मू को एक पत्र लिखा है। कश्मीर में बांडीपोरा छोड़कर सभी नौ जिले रेड जोन हैं। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. निसार उल हसन ने कहा कि बीते एक सप्ताह के दौरान कश्मीर में कोरोना के मामले लगातार बढ़े हैं। प्रदेश प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामलों का संज्ञान उपराज्यपाल ने भी लिया है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से इस बारे में एक रिपोर्ट भी तलब की है। इसके आधार पर अगले एक दो दिन में लॉकडाउन लागू करने के मुद्दे पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है। प्रदेश उच्च प्रशासन के कुछ अधिकारी सोमवार से कम से कम एक पखवाड़े के लिए लॉकडाउन को फिर से बहाल करने पर विचार कर रहे हैं।
केंद्र शासित जम्मू कश्मीर प्रदेश में 10156 लोग कोविड-19 से अब तक पीड़ित हो चुके हैं। इनमें से आज भी 4092 एक्टिव पाजिटिव हैं। प्रदेश मे कोरोना से मरने वालों की संख्या भी 169 हो चुकी है। आज भी पूरे प्रदेश में कोरोना से पीड़ित 268 नए मरीज मिले हैं और चार लोगों की इस घातक वायरस से मौत हुई है। घाटी 153 लोगोंकी मौत हुई है। घाटी के 10 जिलों में सिर्फ एक ही जला बाडीपोर आरेंज जोन में हैं जबकि नौ अन्य जिले रेड जोन में हं। लगातार बढ़ रहे कोरोना के मामलों से स्थानीय लोगों में लगातार भय फैल रहा है। सभी इससे हताश नजर आरहे हैं। व्यापारिक संगठन जो कल तक लाकडाउनमें राहत की बात कर रहे थे, अब इससे बचने लिए प्रशासनिक पाबंदियों का लागू करने, लाकडाउन को कुछ दिनों के लिए दोबारा लागू करने की माग करने लगे हैं। कश्मीर इकोनामिक एलायंस के अध्यक्ष यासीन खान ने कहा कि स्थिति लगातार बिगड़ रही है। इसलिए हालात पर काबू पाने के लिए कुछ दिनों तक प्रशासन को दोबारा लाकडाउन लागू करना चाहिए। हम इसमें प्रशासन का सहयोग करेंगे। डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ निसार उल हसन ने कहा कि बीते एक सप्ताह के दौरान कश्मीर में कोरोना के मामले लगातार बढ़े हैं। मरने वालों की संख्या भी बढ़ रही है। ऐसे में प्रशासन को कुछ दिनों के लिए लाकडाउन को दोबारा लागू करना चाहिए और अगर लाकडाउन लागू नहीं करना है तो फिर कोविड-19 से बचने की एसओपी को प्रभावी बनाना होगा।