विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कश्मीर इंटरनेशनल मैराथन: केन्या के धावकों का दबदबा, गोद में बच्चा लेकर दौड़ीं गुजरात की कुलसुम ने जीता दिल

Published: Sun, 25 Oct 2026 01:28 PM (IST)

तीसरी कश्मीर इंटरनेशनल मैराथन में केन्या के धावकों ने पुरुष और महिला फुल मैराथन का खिताब अपने नाम किया।

कश्मीर इंटरनेशनल मैराथन में केन्याई धावकों का जलवा। फोटो सोर्स- जागरण

कश्मीर इंटरनेशनल मैराथन में केन्याई धावकों का जलवा। फोटो सोर्स- जागरण

HighLights

  1. केन्याई धावकों ने फुल मैराथन खिताब जीते

  2. कुलसुम ने बच्चे के साथ दौड़कर प्रेरणा दी

  3. दिव्यांग शिवम कुमार ने हौसले की मिसाल पेश की

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। कश्मीर में आज रविवार को आयोजित तीसरी कश्मीर इंटरनेशनल मैराथन में केन्या के धावकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष और महिला फुल मैराथन का खिताब अपने नाम किया।

पुरुष वर्ग में कनाब कालोब ओमोलो ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि महिला वर्ग में लेमेंसा हरपा ने बाजी मारी। हालांकि, इस खेल आयोजन में गुजरात की कुलसुम ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। वह गोद में बच्चा लेकर मैराथन में दौड़ती नजर आईं।

WhatsApp Image 2026-10-25 at 1.04.54 PM

वहीं, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी दिव्यांग धावक शिवम कुमार ने भी अपने जज्बे से लोगों को प्रेरित किया। दोनों हाथ नहीं होने के बावजूद उन्होंने इस खेल आयोजन में हिस्सा लेकर हौसले और दृढ़ संकल्प की मिसाल पेश की।

तीसरी कश्मीर इंटरनेशनल मैराथन में कुल 1807 धावकों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। इनमें जम्मू-कश्मीर के 1221, देश के अन्य हिस्सों के 513 और 12 देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले 73 विदेशी धावक शामिल थे। इस आयोजन का उद्देश्य खेल भावना, फिटनेस और सहनशक्ति को बढ़ावा देना रहा।

फुल मैराथन

  • पुरुषों की 42 किलोमीटर फुल मैराथन की ओपन कैटेगरी में केन्या के कनाब कालोब ओमोलो ने पहला स्थान हासिल किया। हैमिंगटन किनारो चीरुब दूसरे और जैकब कबाचोली तीसरे स्थान पर रहे।
  • महिलाओं की फुल मैराथन में लेमेंसा हरपा ने पहला स्थान प्राप्त किया। शेरेन जिमिलो दूसरे और मोनिका वंजोही तीसरे स्थान पर रहीं।
WhatsApp Image 2026-10-25 at 1.04.53 PM

हाफ मैराथन

  • 21 किलोमीटर की पुरुष हाफ मैराथन में लेमे तेशोंग लेमांत्सो ने पहला स्थान हासिल किया। बारको बायासा बाकाले दूसरे और सैंबोल एरिक कांगुसो तीसरे स्थान पर रहे।
  • महिलाओं की हाफ मैराथन में अंकिता ने पहला स्थान प्राप्त किया। साहा डेसलिन अदाना दूसरे और हेलेन मोटिनो मेगोनोर तीसरे स्थान पर रहीं।

स्थानीय धावकों ने भी दिखाया दम

स्थानीय धावकों की पुरुष फुल मैराथन श्रेणी में कुलबीर सिंह ने पहला स्थान हासिल किया। वसीम अहमद डार दूसरे और राघव शर्मा तीसरे स्थान पर रहे। महिलाओं की स्थानीय फुल मैराथन श्रेणी में नेहा देवी ने बाजी मारी। दीक्षा दूसरे और सलमा बेदी तीसरे स्थान पर रहीं।

WhatsApp Image 2026-10-25 at 1.04.52 PM

वहीं, पुरुषों की स्थानीय हाफ मैराथन में मोहम्मद यासीन मीर पहले, रजित शर्मा दूसरे और परवीन कुमार तीसरे स्थान पर रहे। महिलाओं की स्थानीय हाफ मैराथन में कीर्ति देवी ने पहला स्थान हासिल किया। साक्षी ठाकुर दूसरे और शमशाद बानो तीसरे स्थान पर रहीं।

मैराथन में 42 किलोमीटर की फुल मैराथन और 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन आयोजित की गई। आयोजन में अनुभवी एथलीटों के साथ ऐसे प्रतिभागियों की मौजूदगी भी खास रही, जिन्होंने अपनी शारीरिक चुनौतियों और जिम्मेदारियों के बावजूद दौड़ में हिस्सा लेकर खेल भावना का संदेश दिया।