कश्मीर में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अनंतनाग-कुलगाम में 6 गिरफ्तार; हेरोइन के साथ 1.36 किलो चरस भी बरामद
पुलिस ने दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग और कुलगाम जिलों में कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके ...और पढ़ें

अनंतनाग में हेरोइन-चरस तो कुलगाम में 1.36 किलो चरस पाउडर बरामद (फाइल फोटो)
HighLights
अनंतनाग और कुलगाम में छह लोग गिरफ्तार।
गिरफ्तार लोगों के पास से हेरोइन और चरस बरामद।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग और कुलगाम जिलों में अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से हेरोइन और चरस जैसा पदार्थ बरामद होने की जानकारी पुलिस ने दी है। सभी मामलों में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, डोरू थाना क्षेत्र में फिदर रोड पर नाकेबंदी के दौरान आदिल रहमान पुत्र अब्दुल रहमान निवासी पेटी खास, वेरीनाग को पकड़ा।
तलाशी में उसके पास से करीब सात ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसी थाना क्षेत्र के कमर इलाके में इश्फाक अहमद भट पुत्र अब्दुल्ल सलाम भट निवासी कापरन को पकड़ा, जिसके कब्जे से करीब आठ ग्राम हेरोइन मिली। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
अनंतनाग में दो जगहों पर कार्रवाई
वहीं, अनंतनाग थाना पुलिस ने एनएच-244 पर नजीगुंड के पास कार्रवाई करते हुए दोनिपावा निवासी आमिर हुसैन शेख पुत्र मोहम्मद रमजान शेख से 10.76 ग्राम चरस बरामद की। इसी तरह मेहंदी कदल इलाके में मुनीब सलीम वानी पुत्र मोहम्मद सलीम वानी निवासी बंगिदार के पास से छह ग्राम चरस मिलने की जानकारी भी सामने आई है।
इसी तरह संगम पुलिस पोस्ट की टीम ने बिजबेहाड़ा निवासी उरूद गुल पुत्र गुलजार अहमद शेख को पकड़ा है। उसके कब्जे से 6.30 ग्राम चरस जैसा पदार्थ बरामद हुआ। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
कुलगाम में 1.36 किलो चरस पाउडर बरामद
उधर, कुलगाम जिले में मीरबाजार पुलिस पोस्ट की टीम ने कचपोरा स्थित डीबीजेड ईंट भट्ठे के पास उत्तर प्रदेश के पीलीभीत इलाके के रहने वाले धर्म वीर को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, उसके पास से 1.360 किलोग्राम चरस पाउडर और 11.02 ग्राम चरस जैसा पदार्थ बरामद किया।
इस मामले में काजीगुंड थाने में मामला दर्ज किया गया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
