कश्मीर में बिगड़ेगा मौसम, ऊंचाई वाले इलाकों से लोगों को लौटने की सलाह; 8 से 11 अक्टूबर बारिश-बर्फबारी का अलर्ट
कुपवाड़ा के करनाह प्रशासन ने खराब मौसम की आशंका के चलते ऊंचाई वाले इलाकों में रह रहे लोगों को अपने ...और पढ़ें

कश्मीर में 8 से 11 अक्टूबर तक बारिश-बर्फबारी का अलर्ट। (फाइल फोटो)
HighLights
करनाह प्रशासन ने खराब मौसम के कारण वापसी की सलाह दी।
ढोका और ऊंचाई वाले इलाकों के लोगों को लौटने को कहा।
भारी बारिश और बर्फबारी की आशंका के चलते एडवाइजरी जारी।
जागरण संवाददाता, श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के सब-डिवीजन करनाह के प्रशासन ने आने वाले दिनों में खराब मौसम के अनुमान को देखते हुए ढोका और दूसरे ऊंचाई वाले इलाकों में रह रहे लोगों को अपने गांव लौटने की सलाह दी है। यह एडवाइजरी मैदानी इलाकों में भारी बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की उम्मीद के बीच आई है अधिकारियों ने लोगों से मौसम के बिगड़ने की उम्मीद से पहले सावधानी बरतने की अपील की है।
लोगों से अपने जानवरों और दूसरे पालतू जानवरों को भी अपने गांव वापस लाने के लिए कहा गया है। प्रभावित इलाकों में लंबरदार और चौकीदार लोगों की सुरक्षित वापसी के लिए कोआर्डिनेट कर रहे हैं।
प्रशासन ने लोगों से कहा है कि वे इन इंतज़ामों में सहयोग करें और अगर कोई परिवार ऐसे इलाकों में रह गया है तो उसकी लोकेशन के साथ-साथ संबंधित लंबरदार या सब-डिवीजनल मजिस्ट्रेट, करनाह के आफिस को बताएं ताकि समय पर मदद मिल सके।
लोगों से बिना देर किए वापस लौटने की अपील
अधिकारियों ने लोगों से कहा है कि वे इस एडवाइजरी को गंभीरता से लें और अपनी सुरक्षा के लिए बिना देर किए वापस आ जाएं। गौर तलब है कि क्षेत्र के अधिकांश लोग अपने माल मवेशियों को चरवाने के लिए ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सिथत मैदानों में चले जाते हैं और गर्मियों के अधिकांश दिन वहीं बिताते हैं।
8 से 11 अक्टूबर तक बिगड़ सकता मौसम का मिजाज
बता देते हैं कि मौसम विभाग ने कल यानी 8 अक्तूबर से 11 अक्तूबर तक घाटी में मौसम के मिजाज तीखे बने रहेंगे और इस बीच ऊपरी इलाकों में बर्फबारी के बारिश हो सकती है। इस बीच आज भी घाटी में मौसम के मिजाज आंशिक तौर पर तीखे बने रहे।
हालांकि श्रीनगर समेत अधिकांश निचले इलाकों में बुधवार को तो बारिश नही हुई, अलबत्ता आसमान पर बादल छाए रहे जबकि उच्च पर्वतीय इलाकों में रुक रुक कर बारिश होती रही।
इससे पहले मंगलवार सुबह घाटी में मौसम ने करवट बदल ली थी और ऊपरी इलाकों में बारिश के साथ हलकी बर्फबारी जबकि निचले इलाकों में हलकी बारिश हुई थी।
