विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उमर सरकार ने खोला नौकरियों का पिटारा, जम्मू-कश्मीर में 458 पदों पर भर्ती; ₹1.12 लाख तक वेतन

Published: Wed, 28 Oct 2026 03:40 PM (IST)

JKSSB ने जल शक्ति और लोक निर्माण विभाग में जूनियर इंजीनियर (सिविल) के 458 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना ...और पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में JE सिविल के 458 पदों पर भर्ती। (फाइल फोटो)

जम्मू-कश्मीर में JE सिविल के 458 पदों पर भर्ती। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. JKSSB ने जूनियर इंजीनियर सिविल के 458 पद निकाले।

  2. जल शक्ति, लोक निर्माण विभाग में होगी यह बड़ी भर्ती।

  3. आवेदन 30 नवंबर से 29 दिसंबर तक, लिखित परीक्षा से चयन।

राज्य ब्यूरो, जागरण, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे सिविल इंजीनियरिंग अभ्यर्थियों के लिए बड़ी भर्ती निकली है। उमर अब्दुल्ला सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के एक दिन बाद जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) ने जूनियर इंजीनियर (सिविल) के 458 पदों के लिए अधिसूचना जारी की है। इनमें 282 पद जल शक्ति विभाग और 176 पद लोक निर्माण विभाग (सड़क एवं भवन) के हैं। ऑनलाइन आवेदन 30 नवंबर से शुरू होंगे और 29 दिसंबर अंतिम तारीख निर्धारित की गई है।

भर्ती के तहत चयनित उम्मीदवारों को पे-लेवल 6 के अनुसार 35,400 से 1,12,400 रुपये तक वेतनमान मिलेगा। आवेदन के लिए सरकारी मान्यता प्राप्त संस्थान से सिविल इंजीनियरिंग में तीन वर्षीय डिप्लोमा, सिविल इंजीनियरिंग की डिग्री या अधिसूचना में निर्धारित एएमआइइ के सेक्शन ए और बी की योग्यता आवश्यक है।

आवेदक के पास जम्मू-कश्मीर का वैध डोमिसाइल प्रमाणपत्र होना चाहिए, जो आवेदन की अंतिम तारीख तक उपलब्ध हो। एक जनवरी 2026 को ओपन मेरिट वर्ग के लिए अधिकतम आयु 40 वर्ष, निर्धारित आरक्षित वर्गों के लिए 43 वर्ष और बेंचमार्क दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 42 वर्ष रखी गई है। अन्य शर्तें अधिसूचना के अनुसार लागू होंगी।

लिखित परीक्षा से होगा चयन

चयन वस्तुनिष्ठ बहुविकल्पीय प्रश्नों वाली लिखित अथवा ओएमआर आधारित परीक्षा के माध्यम से होगा। प्रश्न अंग्रेजी में होंगे और प्रत्येक गलत उत्तर पर उस प्रश्न के निर्धारित अंकों का एक-चौथाई काटा जाएगा।

सामान्य आवेदन शुल्क 600 रुपये है, जबकि एससी, एसटी-1, एसटी-2, इडब्ल्यूएस और बेंचमार्क दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 500 रुपये निर्धारित है। अभ्यर्थी आवेदन से पहले पात्रता और प्रमाणपत्रों की वैधता जांच लें। परीक्षा की तारीख और केंद्रों की जानकारी बाद में www.jkssb.nic.in पर जारी की जाएगी।