जेकेपीएससी अध्यक्ष की नियुक्ति कब होगी? 1,200 पदों पर भर्ती अटकी, सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे हजारों युवा परेशान
जम्मू-कश्मीर लोक सेवा आयोग में अध्यक्ष की नियुक्ति में दो महीने से अधिक की देरी के कारण 1200 पदों पर ...और पढ़ें

जेकेपीएससी अध्यक्ष का पद दो महीने से खाली, सिर्फ दो सदस्य संभाल रहे काम। (फाइल फोटो)
HighLights
अध्यक्ष पद रिक्त होने से 1200 भर्ती प्रक्रिया लंबित।
दो माह से अधिक समय से अध्यक्ष पद खाली।
शॉर्टलिस्टेड नामों पर सहमति न बनने से अनिश्चितता।
नवीन नवाज, जम्मू। जम्मू-कश्मीर लोक सेवा आयोग (जेकेपीएससी) में अध्यक्ष की नियुक्ति में देरी अब हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य पर भारी पड़ने लगी है। दो महीने से अधिक समय से अध्यक्ष का पद रिक्त है, जबकि आयोग के दो सदस्य भी सेवानिवृत्त हो चुके हैं। नतीजतन, करीब 1,200 पदों पर भर्ती प्रक्रिया लंबित होने और कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ गई है। इस बीच, अध्यक्ष पद के लिए चयनित नाम पर सक्षम प्राधिकारी की कथित असहमति ने नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर अनिश्चितता और बढ़ा दी है।
सूत्रों के अनुसार, अध्यक्ष पद के लिए गठित चयन समिति ने दो नाम शार्टलिस्ट किए थे। इनमें केंद्र सरकार के एक पूर्व सचिव और एक केंद्र शासित प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव-सह- सलाहकार शामिल थे।
बताया जा रहा है कि सरकार ने इनमें से एक नाम मंजूरी के लिए सक्षम प्राधिकारी के पास भेजा था, लेकिन उस पर सहमति नहीं बन सकी। सूत्रों के अनुसार, निकट भविष्य में सेवानिवृत्त होने जा रहे एक वरिष्ठ नौकरशाह को अध्यक्ष बनाए जाने की भी चर्चा है।
अध्यक्ष नहीं, दो सदस्य भी सेवानिवृत्त
जेकेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष ए. के. चौधरी 15 अगस्त 2026 को सेवानिवृत्त हुए थे। उन्हें 24 फरवरी 2024 को अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। वहीं, आयोग के सदस्य यशपाल कोतवाल दो जनवरी और तारिक अहमद ज़रगर 19 जून 2026 को सेवानिवृत्त हो गए। इस तरह अध्यक्ष के साथ दो सदस्यों के पद भी रिक्त हो गए हैं।
वर्तमान में आयोग में केवल दो सदस्य कार्यरत हैं। इनमें शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, जम्मू (स्कास्ट-जम्मू) के पूर्व प्रोफेसर राजीव सिंह और भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के पूर्व अधिकारी आसिफ महमूद सागर शामिल हैं।
राजीव सिंह को जून 2024 में नियुक्त किया गया था और उनका कार्यकाल दिसंबर 2029 में समाप्त होगा। महमूद सागर ने 10 जुलाई 2024 को कार्यभार संभाला था और वे अगस्त 2028 में सेवानिवृत्त होंगे। शहबाज अहमद मिर्जा पहली सितंबर 2026 से आयोग के सचिव के रूप में कार्यरत हैं।
आयोग में अध्यक्ष का एक और सदस्यों के आठ पदों सहित कुल नौ पद स्वीकृत हैं। इसके मुकाबले फिलहाल केवल दो सदस्य कार्यरत हैं। नेतृत्व और सदस्यों की कमी के बीच भर्ती तथा पदोन्नति संबंधी कामकाज प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
करीब 1,200 पदों पर भर्ती लंबित
आयोग के एक अधिकारी के अनुसार अध्यक्ष का पद रिक्त होने के कारण भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने में बाधा आ रही है। करीब 1,200 पदों पर भर्ती प्रक्रिया लंबित है। अध्यक्ष के बिना हम भर्ती प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ा सकते।लंबित प्रक्रियाओं में अन्य परीक्षाओं के अलावा जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा (जेकेएएस) और अभियोजन अधिकारी के पदों पर भर्ती भी शामिल है।
कालेजों में सहायक प्रोफेसरों के कई पदों के लिए विज्ञापन जारी होने के बावजूद परीक्षा कार्यक्रम घोषित नहीं किए जाने से अभ्यर्थियों में निराशा है। अभ्यर्थियों की चिंता इसलिए भी बढ़ रही है क्योंकि अध्यक्ष की नियुक्ति में देरी का असर परीक्षा कार्यक्रम, साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया की समयसीमा पर पड़ सकता है।
महीने के अंत तक नियुक्ति की उम्मीद
आयोग के अधिकारी ने उम्मीद जताई कि सरकार इस मुद्दे का जल्द समाधान करेगी और महीने के अंत तक नए अध्यक्ष की नियुक्ति हो सकती है। हालांकि, शॉर्टलिस्ट किए गए नामों में से एक पर कथित असहमति के बाद नियुक्ति प्रक्रिया कब पूरी होगी, इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
इस बीच,सूत्रों न ेदावा किया है कि एक वरिष्ठ नौकरशाह जो निकट भविष्य में सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं, को जेकेपीएसएसी के अध्यक्ष पद सौंपने पर भी विचार किया जा रहा है।
