जम्मू-कश्मीर के स्वास्थ्य विभाग में बंपर भर्ती, 582 पद JKSSB को रेफर; जम्मू में 1100 पद और जुड़ेंगे
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने भर्ती प्रक्रिया तेज कर दी है, जिसमें 582 पद जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड को ...और पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में 582 पद भर्ती के लिए JKSSB को भेजे। (फाइल फोटो)
HighLights
स्वास्थ्य विभाग में 582 पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज।
जम्मू संभाग में 1100 अतिरिक्त पदों की पहचान की गई।
आरएस पुरा अस्पताल में 21 में से 18 डॉक्टर कार्यरत।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। स्वास्थ्य संस्थानों में कर्मचारियों की कमी दूर करने के लिए स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने भर्ती प्रक्रिया तेज करने की कवायद शुरू कर दी है। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सकीना इट्ट ने बुधवार बताया कि फैमिली वेलफेयर, एमसीएच और इम्यूनाइजेशन से जुड़े 292 रिक्त पदों को भर्ती के लिए जम्मू-कश्मीर सेवा भती बोर्ड (जेकेएसएसबी) को भेजा जा चुका है।
इसके अलावा जम्मू स्वास्थ्य सेवा निदेशालय के तहत 290 गैर-राजपत्रित और पैरामेडिकल पद भी भर्ती के लिए जेकेएसएसबी को रेफर किए गए हैं। दोनों श्रेणियों को मिलाकर 582 पद भर्ती प्रक्रिया के लिए भेजे जा चुके हैं।
मंत्री ने यह जानकारी आरएस पुरा सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल में डाक्टरों की कमी को लेकर विधायक डा नरेन्द्र सिंह रैना के सवाल के जवाब में दी।
विधायक ने पूछा था कि सीमावर्ती दो विधानसभा क्षेत्रों के मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले इस अस्पताल में डाक्टरों और अन्य स्टाफ की कमी को दूर करने तथा आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार क्या कदम उठा रही है।
21स्वीकृत-अनुमत पदों में 18 डाक्टर उपलब्ध
मंत्री के अनुसार, आरएस पुरा एसडीएच में नियमित व्यवस्था के तहत डाक्टरों के 14 स्वीकृत पदों में 12 पर चिकित्सक तैनात हैं। इनमें बीएमओ, कंसल्टेंट सर्जन, कंसल्टेंट फिजिशियन, कंसल्टेंट गायनेकोलाजिस्ट, कंसल्टेंट एनेस्थेटिस्ट, कंसल्टेंट पीडियाट्रिशियन, मेडिकल आफिसर और डेंटल सर्जन शामिल हैं।
इसके अलावा एनएचएम के तहत स्वीकृत सात पदों में छह डाक्टर कार्यरत हैं, जिनमें चार आरबीएसके डाक्टर शामिल हैं। इस तरह अस्पताल में कुल 21 स्वीकृत एवं अनुमत पदों के मुकाबले 18 डाक्टर तैनात हैं और तीन पद रिक्त हैं। सरकार ने मौजूदा डाक्टरों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त बताया है।
582 पदों पर भर्ती के बाद जरूरत के मुताबिक होगी तैनाती
सरकार के अनुसार, जेकेएसएसबी के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित उम्मीदवारों को चिन्हित रिक्तियों पर तैनात किया जाएगा। पोस्टिंग संबंधित क्षेत्रों में मानव संसाधन की वास्तविक जरूरत के आकलन के आधार पर होगी। इससे स्टाफ की कमी वाले स्वास्थ्य संस्थानों को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
जम्मू संभाग में 1100 और पदों पर प्रक्रिया
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि जम्मू संभाग में 839 गैर-राजपत्रित पद और 261 एमटीएस यानी चतुर्थ श्रेणी पद भी जांच के अधीन हैं। कुल 1,100 पदों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने और वित्त विभाग की सहमति मिलने के बाद जेकेएसएसबी को भर्ती के लिए रेफर किया जाएगा।
राजीव गांधी अस्पताल के बेहतर इस्तेमाल पर विचार
गंग्याल स्थित राजीव गांधी अस्पताल, जो पहले कुष्ठ रोग अस्पताल के रूप में कार्य करता था, में फिलहाल 50 बेड की स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध है। सरकार के अनुसार, अस्पताल की बेड क्षमता पहले ही 50 तक बढ़ाई जा चुकी है और इसके स्वास्थ्य ढांचे के बेहतर उपयोग के विकल्प तलाशे जा रहे हैं।
अस्पताल के कैचमेंट क्षेत्र की आबादी करीब 45,000 से 50,000 है, जो आइपीएचएस मानकों के तहत सीएचसी या एसडीएच स्तर पर अपग्रेड किए जाने के लिए निर्धारित जनसंख्या मानदंड को पूरा नहीं करती। सरकार ने बताया कि अस्पताल के आसपास द्वितीयक और तृतीयक स्तर की स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ पीएमजेएवाइ-सेहत T से जुड़े अस्पताल भी उपलब्ध हैं।
