विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में 38 हजार से ज्यादा सरकारी पद खाली, स्वास्थ्य विभाग में सबसे ज्यादा; जानें किस विभाग में कितनी सीटें

Published: Mon, 21 Sep 2026 11:58 AM (IST)

J&K विधानसभा में सरकार ने बताया कि विभिन्न विभागों में 38,872 पद खाली हैं, जिनमें स्वास्थ्य विभाग में सर्वाधिक रिक्तियां ...और पढ़ें

जम्मू-कश्मीर विधानसभा में सामने आया 38,872 रिक्त पदों का आंकड़ा।

जम्मू-कश्मीर विधानसभा में सामने आया 38,872 रिक्त पदों का आंकड़ा

HighLights

  1. जम्मू-कश्मीर में 38,872 सरकारी पद रिक्त।

  2. स्वास्थ्य विभाग में सबसे ज्यादा 12,797 पद खाली।

  3. अस्थायी कर्मचारियों के नियमितीकरण पर समिति विचार कर रही है।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए विधानसभा में पेश आंकड़ों ने प्रशासन के सामने मौजूद बड़ी चुनौती को सामने ला दिया है। सरकार के अनुसार, विभिन्न विभागों में कुल 38,872 पद खाली पड़े हैं। इनमें 3318 गैजेटेड, 24427 नान गैजेटेड और 11127 मल्टी-टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) के पद शामिल हैं। यह जानकारी विधायक इरफान हाफिज लोन के तारांकित प्रश्न के जवाब में सरकार ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा में दी।

इन रिक्त पदों के बीच बड़ी संख्या में ऐसे अस्थायी, कैजुअल, मौसमी, संविदा और जरूरत के आधार पर काम कर रहे कर्मचारी भी हैं, जिनके नियमितीकरण का मुद्दा अभी विचाराधीन है। सरकार ने बताया कि 19 मार्च 2025 के सरकारी आदेश संख्या 384-जेके(जीएडी) के तहत गठित समिति इस पूरे मामले की समीक्षा कर रही है।

कानून और भर्ती नियमों के दायरे में ही होगा फैसला

सरकार के मुताबिक समिति इन कर्मचारियों के नियमितीकरण के मानवीय, कानूनी और वित्तीय पहलुओं का अध्ययन कर रही है। अलग-अलग समय पर अलग-अलग शर्तों और व्यवस्थाओं के तहत नियुक्त किए गए कर्मचारियों के लिए एक समान नीति तैयार करना समिति के सामने प्रमुख चुनौती है।

सरकार ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित नीति को मौजूदा कानून, न्यायिक स्थिति और निर्धारित भर्ती नियमों के अनुरूप होना होगा। साथ ही किसी भी फैसले के वित्तीय प्रभाव का भी आकलन किया जाएगा। विभागों और संबंधित अधिकारियों से जरूरी जानकारी और सुझाव मिलने के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग में सबसे ज्यादा रिक्तियां

विभागवार आंकड़ों में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग सबसे अधिक रिक्तियों वाला विभाग है। यहां कुल 12797 पद खाली हैं। इनमें 2125 गैजेटेड, 8064 नान गैजेटेड और 2608 एमटीएस पद शामिल हैं।

कृषि उत्पादन, पशु/भेड़ पालन और बागवानी क्षेत्र में 4939 पद खाली हैं। वहीं लोक निर्माण (आरएंडबी) विभाग में 2190, वित्त विभाग में 1829 और वन, पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण विभाग में 1619 पद रिक्त हैं।

इसके अलावा उद्योग एवं वाणिज्य में 1787, स्कूल शिक्षा में 1364, युवा सेवा एवं खेल में 1369, बिजली विकास विभाग में 1264, आवास एवं शहरी विकास में 941 और ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज में 836 पद खाली हैं।

दो साल में जेकेपीएससी को भेजे 2150 पद

सरकार ने बताया कि पिछले दो वर्षों में 2150 पद जम्मू-कश्मीर लोक सेवा आयोग (जेकेपीएससी) को भर्ती के लिए भेजे गए। इनमें स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के 794, स्कूल शिक्षा के 594 और उच्च शिक्षा के 286 पद शामिल हैं।

वहीं 2024 में जेकेएसएसबी को 11582 पद भेजे गए। इनमें अकेले गृह विभाग के 9,360 पद थे। 2025 में जेकेएसएसबी को 6340 पद रेफर किए गए, जिनमें गृह विभाग के 2766, वित्त के 1217, सामान्य प्रशासन विभाग के 869 और स्वास्थ्य विभाग के 610 पद शामिल हैं।

वहीं सरकार ने कहा है कि रिक्तियों की पहचान कर उन्हें समय पर भर्ती एजेंसियों को भेजने, भर्ती प्रक्रिया की निगरानी, विभागों और भर्ती एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय तथा तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दिया जा रहा है। प्रत्यक्ष भर्ती कोटे के पदों को समय पर रेफर करने के लिए विभागों को निर्देश भी जारी किए गए हैं।

अस्थायी कर्मियों को न्यूनतम मजदूरी के अनुसार भुगतान

दैनिक वेतनभोगी, कैजुअल और मौसमी श्रमिकों के भुगतान पर सरकार ने कहा कि उन्हें उनके नियुक्ति की शर्तों और लागू दिशा-निर्देशों के अनुसार भुगतान किया जा रहा है। दैनिक वेतनभोगी तथा कैजुअल-मौसमी श्रमिकों को सरकार द्वारा अधिसूचित न्यूनतम मजदूरी के अनुसार मजदूरी दी जा रही है।

फिलहाल 38872 रिक्त पदों का आंकड़ा जहां सरकारी विभागों में कर्मचारियों की कमी की तस्वीर सामने रखता है, वहीं भर्ती प्रक्रियाओं और अस्थायी कर्मचारियों के नियमितीकरण पर होने वाली अगली कार्रवाई हजारों युवाओं और कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण होगी।