जम्मू-कश्मीर में 6 मुफ्त LPG सिलेंडर कब मिलेंगे? विधानसभा में सरकार ने दिया बड़ा अपडेट, जानें योजना की स्थिति
जम्मू-कश्मीर में अंत्योदय अन्न योजना के लाखों परिवारों को छह मुफ्त एलपीजी रिफिल का लाभ अभी नहीं मिला है। सरकार ...और पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में 8.79 लाख AAY लाभार्थियों को 6 मुफ्त LPG रिफिल का इंतजार। (फाइल फोटो)
HighLights
जम्मू-कश्मीर में छह मुफ्त एलपीजी रिफिल योजना विचाराधीन।
8.79 लाख AAY परिवारों को अभी तक लाभ नहीं मिला।
डीबीटी से खाते में आएगी छह रिफिल की लागत।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) के लाखों गरीब परिवारों को साल में छह मुफ्त घरेलू एलपीजी रिफिल देने की बजट घोषणा के बावजूद इसका लाभ कब से मिलना शुरू होगा, इस पर अभी स्थिति साफ नहीं है। सरकार ने विधानसभा में बताया है कि योजना अभी विचाराधीन है और इसके क्रियान्वयन के नियम और प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाना बाकी है।
यह जानकारी विधायक सज्जाद गनी लोन के तारांकित सवाल के जवाब में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने दी। प्रस्ताव के अनुसार एएवाई परिवारों को हर साल छह घरेलू एलपीजी सिलेंडर की रिफिलिंग लागत की प्रतिपूर्ति की जाएगी। यह राशि आधार-सक्षम डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिए लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजे जाने का प्रस्ताव है।
सरकार के अनुसार योजना को लागू करने के लिए जरूरी कार्रवाई चल रही है और इसके विभिन्न पहलुओं पर अभी विचार किया जा रहा है। योजना को अंतिम रूप दिए जाने के बाद ही इसकी सटीक वित्तीय लागत निर्धारित की जाएगी। फिलहाल सरकार ने योजना लागू करने की कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई है।
प्रदेश 879112 एएवाई लाभार्थी
सरकार के जवाब के साथ दिए गए आंकड़ों के मुताबिक 1 जनवरी 2025 तक जम्मू-कश्मीर में कुल 879112 एएवाई लाभार्थी दर्ज थे। इनमें जम्मू संभाग में 274695, जबकि कश्मीर संभाग में 604417 लाभार्थी शामिल हैं।
जम्मू संभाग में जम्मू जिले में 32104, सांबा में 7445, कठुआ में 26477, उधमपुर में 19482, रियासी में 30000, डोडा में 34532, रामबन में 17047, किश्तवाड़ में 19782, राजौरी में 40063 और पुंछ में 39917 AAY लाभार्थी दर्ज किए गए।
कश्मीर संभाग में कुपवाड़ा 120671 लाभार्थियों के साथ सबसे आगे रहा। बारामूला में 109815, अनंतनाग में 79945, बडगाम में 68785, पुलवामा में 59063, कुलगाम में 48619, बांदीपोरा में 40307, शोपियां में 28149, श्रीनगर में 26450 और गांदरबल में 22613 लाभार्थी दर्ज किए गए।
कुपवाड़ा में करनाह के 14969, त्रेहगाम के 9376, कुपवाड़ा के 25819, लोलाब के 18995, हंदवाड़ा के 34320 और लंगेट के 17192 लाभार्थी हैं। बारामूला जिले में उड़ी में 37787, सोपोर में 14164, रफियाबाद में 14083, गुलमर्ग में 15665, वागूरा-क्रीरी में 9985, पट्टन में 10613 और बारामूला विधानसभा क्षेत्र में 7518 लाभार्थी दर्ज हैं।
जम्मू में 83,953 एएवाई कार्ड, कश्मीर में 1.44 लाख के पार
सरकार ने एएवाई, पीएचएच और एलपीएचएच श्रेणियों के सत्यापन और पुनः सत्यापन के बाद विधानसभा क्षेत्रवार एएवाई राशन कार्ड का विवरण भी दिया है। जम्मू संभाग में 83953 एएवाई राशन कार्ड दर्ज हैं, जिनमें 298300 एएवाई लाभार्थी शामिल हैं।
नागरोटा में 1543, अखनूर में 1624, छंब में 1857, बिश्नाह में 924 और सुचेतगढ़ में 980 एएवाई राशन कार्ड दर्ज किए गए हैं। कश्मीर संभाग में 144339 एएवाई राशन कार्ड के मुकाबले 604417 लाभार्थी दर्ज हैं।
1 जनवरी 2025 के बाद एएवाई सूची में हुए बदलावों के अनुसार जम्मू संभाग में 1281 नाम जोड़े गए और 6311 हटाए गए। वहीं कश्मीर संभाग में 12718 नाम जोड़े गए और 3332 हटाए गए। कश्मीर में उड़ी में 720 नाम जुड़े और 102 हटे। बारामूला में 212 नाम जुड़े और 53 हटे। बडगाम में 509 नाम जुड़े और चार हटे, जबकि बीरवाह में 1149 नाम जोड़े गए और छह हटाए गए।
कठुआ-ऊधमपुर में बदले राशन कार्ड के आंकड़े
जम्मू संभाग में कठुआ में 196 नाम जुड़े और 930 हटे। ऊधमपुर में कोई नाम नहीं जोड़ा गया, जबकि 4273 नाम हटाए गए। रियासी में 260 नाम जोड़े गए और 66 हटाए गए। सरकार ने इन बदलावों को प्रस्तावित एलपीजी सहायता से सीधे तौर पर नहीं जोड़ा है।
वहीं विधानसभा में यह भी पूछा गया था कि बजट घोषणा के तहत अब तक एएवाई परिवारों को कितने मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दिए गए हैं। सरकार ने कोई वितरण आंकड़ा नहीं दिया। इसके बजाय बताया गया कि छह एलपीजी रिफिल की लागत डीबीटी के माध्यम से देने का प्रस्ताव अभी क्रियान्वयन प्रक्रिया में है और इसके नियम और प्रक्रिया पर विचार जारी है।
