विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में ₹93 लाख की ठगी का आरोपी क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़ा, माइग्रेंट जमीन-पेड़ बेचने का आरोप; साथी फरार

Published: Fri, 18 Sep 2026 01:19 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर क्राइम ब्रांच की आर्थिक अपराध शाखा ने 93 लाख रुपये की जमीन धोखाधड़ी के मामले में गुलाम मोही-उद-दीन डार ...और पढ़ें

क्राइम ब्रांच के मुताबिक, आरोपी पिछले करीब एक साल से गिरफ्तारी से बच रहा। (फाइल फोटो)

क्राइम ब्रांच के मुताबिक, आरोपी पिछले करीब एक साल से गिरफ्तारी से बच रहा। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. क्राइम ब्रांच ने 93 लाख रुपये की जमीन धोखाधड़ी में गिरफ्तारी की।

  2. आरोपी गुलाम मोही-उद-दीन डार एक साल से फरार था।

  3. प्रवासी जमीन और पेड़ों की बिक्री का झांसा देकर ठगी का आरोप।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर क्राइम ब्रांच की आर्थिक अपराध शाखा (इओडब्ल्यू) कश्मीर ने जमीन और संपत्ति से जुड़ी कथित 93 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गुलाम मोही-उद-दीन डार पुत्र अब्दुल खालिक डार निवासी जवालापोरा, सैमसन बडगाम के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी सब-जज, श्रीनगर की अदालत से जारी आदेश और वारंट के अनुपालन में की गई।

क्राइम ब्रांच के मुताबिक, आरोपी पिछले करीब एक साल से गिरफ्तारी से बच रहा था और उसके खिलाफ इओडब्ल्यू-स्पेशल क्राइम विंग कश्मीर थाने में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।यह कार्रवाई एफआइआर नंबर 17/2026 के तहत की गई है।

क्या है मामला

मामले की शुरुआत एक लिखित शिकायत से हुई, जिसमें आरोप लगाया गया कि डार, जो कथित तौर पर जमीन का ब्रोकर है, ने सह-आरोपी सोम नाथ कौल के साथ मिलकर शिकायतकर्ता से 93 लाख रुपये की धोखाधड़ी की।

जांच के अनुसार, आरोपियों ने पुलवामा के द्रुसु में पांच कनाल माइग्रेंट जमीन और बिजबेहाड़ा में 300 खड़े पेड़ों को बेचने का कथित प्रस्ताव दिया। इसके लिए कथित तौर पर फर्जी समझौतों का इस्तेमाल किया गया।

जांचकर्ताओं का यह भी आरोप है कि ठगी की रकम को स्थानांतरित करने के लिए जिस बैंक खाते का इस्तेमाल हुआ, वह रकम ट्रांसफर किए जाने वाले दिन ही खोला गया था।

दूसरा आरोपी सोम नाथ कौल फरार

क्राइम ब्रांच के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर लोगों को माइग्रेंट संपत्ति बेचने का भरोसा दिलाया और खुद को उसका मालिक या अधिकृत पावर ऑफ अटॉर्नी धारक बताया।

मामले का दूसरा आरोपी सोम नाथ कौल अभी फरार है और उसके खिलाफ ‘ह्यू एंड क्राई नोटिस’ नोटिस जारी है। क्राइम ब्रांच ने कहा है कि कथित धोखाधड़ी के पूरे नेटवर्क और उसकी गतिविधियों की जांच जारी है।