विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आरक्षण से कर्मचारियों तक... जम्मू-कश्मीर विधानसभा में घमासान, पारा ने उठाया युवाओं का मुद्दा; सुनील शर्मा भी हमलावर

Published: Mon, 21 Sep 2026 01:12 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर विधानसभा के शरदकालीन सत्र के पहले दिन पीडीपी विधायक वहीद पारा ने युवाओं, आरक्षण और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े ...और पढ़ें

J&K विधानसभा के पहले दिन आरक्षण और युवाओं के मुद्दे गरमाए। (फाइल फोटो)

J&K विधानसभा के पहले दिन आरक्षण और युवाओं के मुद्दे गरमाए (फाइल फोटो)

HighLights

  1. वहीद पारा ने युवाओं के आरक्षण और प्रतियोगी परीक्षाओं में देरी पर चिंता जताई।

  2. सुनील शर्मा ने दैनिक वेतनभोगी, कॉन्ट्रैक्ट और आशा कार्यकर्ताओं के मुद्दे उठाए।

  3. विधानसभा के पहले दिन आरक्षण, रोजगार और कर्मचारियों पर तीखी बहस हुई।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर विधानसभा के शरदकालीन सत्र के पहले ही दिन युवाओं, आरक्षण और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों ने सियासी गर्मी बढ़ा दी। पीडीपी विधायक वहीद पारा ने आरक्षण से जुड़े मामलों पर तत्काल चर्चा की मांग करते हुए स्थगन प्रस्ताव पेश किया वहीं नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने सरकार से पहले उठाए गए जनहित के मुद्दों पर जवाब मांगा। विधानसभा के भीतर पहले दिन ही सरकार और विपक्ष के बीच जनता से जुड़े सवालों को लेकर तीखी बहस के संकेत दिखाई दिए।

वहीद पारा ने आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर तत्काल चर्चा की मांग करते हुए कहा कि लगातार हो रही देरी ने जम्मू-कश्मीर के युवाओं को मुश्किल स्थिति में पहुंचा दिया है। उन्होंने खास तौर पर ओपन मेरिट के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं और दाखिले की तैयारी कर रहे छात्रों के भविष्य का मुद्दा उठाया।

पारा का कहना है कि आरक्षण से जुड़े मामलों में फैसले में और देरी युवाओं के हित में नहीं है और इस विषय पर सदन में तुरंत चर्चा होनी चाहिए।

जनता के मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी

उधर, विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने कहा कि मौजूदा सत्र से लोगों को काफी उम्मीदें हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भी कई मुद्दे सरकार के सामने उठाए गए, लेकिन उन पर अब तक जवाब नहीं मिला है। शर्मा ने कहा कि विपक्ष के तौर पर भाजपा सरकार को जवाबदेह बनाएगी और सदन में जनता से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को उठाया जाएगा।

शर्मा ने कहा कि विधानसभा के इस सत्र में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों, कॉन्ट्रैक्ट और अस्थायी कर्मचारियों के साथ-साथ आशा वर्कर्स और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से जुड़े मामलों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इन वर्गों से जुड़े रोजगार और सेवा संबंधी मुद्दे लंबे समय से सार्वजनिक चर्चा का हिस्सा रहे हैं।

JKSSB अभ्यर्थियों की आयु सीमा में छूट का मुद्दा भी उठेगा

इसके अलावा जेकेएसएसबी अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा में छूट का मुद्दा भी भाजपा की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। शर्मा ने कहा कि युवाओं से जुड़े कई अन्य जनहित के विषय भी सदन में उठाए जाएंगे।

विधानसभा के पहले दिन सामने आए ये मुद्दे संकेत दे रहे हैं कि आने वाले दिनों में सदन में युवाओं, आरक्षण, रोजगार और कर्मचारियों से जुड़े सवालों पर सरकार को विपक्ष के तीखे तेवरों का सामना करना पड़ सकता है।