यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 16, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jammu Weather: घाटी में बूंदाबांदी ने दिलाई गर्मी से मिली राहत, इस दिन तक आ सकता है मानसून
Jammu Weather घाटी में लोगों को गर्मी से राहत मिली है। बूंदाबांदी से लोगों ने चैन की सांस ली। हालांकि ...और पढ़ें

HighLights
- 19 से 21 जून तक बादल छाएंगे।
- कई स्थानों पर गरज के साथ वर्षा होने के आसार हैं।
- तेज धूप के चलते लोग घर से बाहर निकलने से कतरा रहे थे।
जागरण संवाददाता, श्रीनगर। कुछ दिनों से घाटी में मौसम पल-पल बदल रहा है। सुबह से दोपहर तक गर्मी से बेचैन लोगों को दोपहर बाद गरज के साथ हो रही बूंदाबांदी राहत पहुंच रही है, लेकिन जम्मू के साथ-साथ कठुआ, सांबा, रियासी आदि जिलों में लू का प्रकोप जारी है। लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
पूरे जम्मू कश्मीर में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस ऊपर चल रहा है। शनिवार को जम्मू संभाग में सबसे अधिक तापमान कठुआ जिले में 46.5 डिग्री दर्ज किया गया। जम्मू में अधिकतम 43.0 जबकि न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं श्रीनगर में अधिकतम 28.1 जबकि न्यूनतम तापमान 14.0 डिग्री रहा।
इस दिन तक आ जाएगा मानसून
मौसम विभाग के निदेशक डॉ. मुख्तार के अनुसार अगले पांच दिनों तक मैदानी क्षेत्रों में लू का प्रकोप जारी रहेगा। 19 से 21 जून तक बादल छाएंगे। कई स्थानों पर गरज के साथ वर्षा होने के आसार हैं। 20 जून को प्री-मानसून की वर्षा होने की संभावना है। अमूमन जम्मू में 20 जून के आसपास स्थानीय वर्षा शुरू हो जाती है और 26 जून तक मानसून जम्मू पहुंचने का सामान्य समय है।
धूल भरी आंधी चलने से राहत
जुलाई के पहले सप्ताह से मानसून पूरी तरह से सक्रीय हो जाता है। शनिवार को सुबह से मौसम शुष्क बना रहा। दिन में बीच-बीच में धूल भरी आंधी चलती रही, लेकिन गर्म हवा के थपेड़े परेशान करते रहे। शुक्रवार के मुकाबले तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। दिन में लू के चलते बाजारों में भी रौनक गायब रही। गर्मी से बचने के लिए लोग अलग-अलग तरीके अपनाते रहे, लेकिन फिर से कोई राहत नहीं मिल रही थी। धूप इतनी तेज थी घर से बाहर निकलने से लोग कतरा रहे थे।
किस शहर का रहा कितना तापमान
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भद्रवाह का तापमान 34.0 डिग्री, बटोत का तापमन 32.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं घाटी में गुलमर्ग का अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस जबकि पहलगाम का अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
बूंदाबांदी ने दिलाई राहत
लेह का अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस रहा। श्रीनगर समेत घाटी के अधिकांश इलाकों में सुबह से तेज धूप छाई रही, लेकिन दोपहर बाद कई इलाकों में गरज के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। श्रीनगर में भी दोपहर बाद आसमान पर बादल छा गए और उसके बाद हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ हद राहत मिली।
हालांकि घाटी में मई की तुलना में जून महीना शुरू से लेकर अब तक ठंडा ही रहा है। इस बीच हल्की बारिश भी होती रही और कई उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी भी हुई है।
