बाढ़-भूस्खलन से राजौरी-पुंछ जिले में तबाह हुए सैकड़ों सड़कें और पुल , राहत अभियान में जुटा जम्मू-कश्मीर प्रशासन
जम्मू संभाग के राजौरी और पुंछ जिलों में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से हुए व्यापक नुकसान के बाद सरकार ने राहत और बहाली अभियान तेज कर दिया है।

राहत अभियान में जुटा जम्मू-कश्मीर प्रशासन (फाइल फोटो)
HighLights
राजौरी और पुंछ में भारी बारिश, बाढ़ से व्यापक नुकसान।
सरकार ने राहत और बहाली अभियान को किया तेज।
क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की मरम्मत हेतु करोड़ों रुपये जारी।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू संभाग के राजौरी और पुंछ जिलों में भारी बारिश, अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से हुए व्यापक नुकसान के बाद सरकार ने राहत और बहाली का अभियान तेज किया है।
विधानसभा में शुक्रवार को सरकार ने बताया कि प्रभावित इलाकों में राहत पहुंचाने के साथ क्षतिग्रस्त सड़कों, बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी ढांचे को प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी ने विधायक मुजफ्फर इकबाल खान की ओर से उठाए गए कालिंग अटेंशन मोशन के जवाब में बताया कि राजौरी को एसडीआरएफ से 300 लाख रुपये और सीएमआरएफ से 281 लाख रुपये, जबकि पुंछ को एसडीआरएफ से 400 लाख और सीएमआरएफ से 137 लाख रुपये जारी किए गए हैं।
सीएमआरएफ ने 120.50 लाख रुपये किए जारी
थन्नामंडी में 149 प्रभावित परिवारों को एसडीआरएफ के तहत 75.52 लाख रुपये और 138 परिवारों को सीएमआरएफ से 120.50 लाख रुपये दिए जा चुके हैं।
पुंछ में प्रभावित परिवारों को एसडीआरएफ के तहत 216.379 लाख रुपये वितरित किए गए हैं। थन्नामंडी में सड़कों और पुलों, बिजली, जलापूर्ति तथा खूलों को हुए नुकसान का अंतिम आकलन क्रमशः 13,025.94 लाख, 1,360.43 लाख, 4,149 लाख और 6,024 लाख रुपये किया गया है। राजौरी जिले में कुल आकलन 46,022.57 लाख रुपये, जबकि पुंछ में यह 18,185.95 लाख रुपये है।
ढांचों को पहुंचे नुकसान का आंकड़ा बड़ा
थन्नामंडी क्षेत्र में 182 सड़कें, 25 एचटी पोल 33 केवी लाइन, 70 ट्रांसफार्मर और 72 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुईं। इसके अलावा करीब 51.98 हेक्टेयर कृषि भूमि, 1.90 हेक्टेयर बागवानी भूमि और 149 मकानों को नुकसान पहुंचा। पुंछ में नुकसान का दायरा और बड़ा रहा। यहां 388 सड़कें, 55 पुल, 29 पावर स्टेशन/ट्रांसफार्मर और 72 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुईं। साथ ही 217.7 हेक्टेयर कृषि भूमि और 379 मकानों को भी नुकसान हुआ।
सरकार ने राजौरी और पुंछ में क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की प्राथमिक बहाली के लिए यूटी केपेक्स बजट से पांच-पांच करोड़ रुपये भी उपलब्ध कराए हैं। विभागीय एजेंसियों के जरिए इन राशि का इस्तेमाल बहाली और पुनर्निर्माण कार्यों में किया जा रहा है।
