विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर: उमर कैबिनेट में शामिल हुए 4 नए चेहरे, कौन हैं ये दिग्गज विधायक?

Published: Wed, 28 Oct 2026 03:32 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर सरकार के मंत्रिमंडल में चार नए मंत्रियों को शामिल किया गया है, जबकि परिवहन मंत्री सतीश शर्मा को बाहर कर दिया गया है।

उमर कैबिनेट में चार नेताओं को मिली जगह (जागरण फोटो)

उमर कैबिनेट में चार नेताओं को मिली जगह (जागरण फोटो)

HighLights

  1. जम्मू-कश्मीर कैबिनेट में चार नए मंत्री शामिल हुए।

  2. जम्मू संभाग की कैबिनेट हिस्सेदारी में कमी आई।

  3. मीर सैफुल्ला, शमीम, सागर, अल्ताफ नए मंत्री।

जागरण संवाददाता, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर सरकार के मंत्रिमंडल में चार नए मंत्रियों को जगह मिली है। जम्मू संभाग की हिस्सेदारी को बढ़ाने के बजाए घटा दिया और परिवहन मंत्री सतीश शर्मा को बाहर का रास्ता दिखा दिया है।

अब जम्मू के मैदानी क्षेत्र लखनपुर से लेकर ऊधमपुर-रियासी और रामबन, डोडा, किश्तवाड़ और बनिहाल तक कैबिनेट में जम्मू का प्रतिनिधित्व समाप्त हो गया है।

जम्मू संभाग से अब मंत्रिमंडल में केवल उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और जावेद अहमद राणा बचे हैं। दोनों राजौरी-पुंछ जिलों से आते हैं। ये दोनों जिले भी अनंतनाग-राजौरी लोकसभा क्षेत्र का ही हिस्सा हैं। 16 अक्टूबर, 2024 को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद उमर अब्दुल्ला ने अपनी कैबिनेट में पहली बार विस्तार किया है।

कौन हैं मंत्री बनने वाले विधायक?

मीर सैफुल्ला: नेकां के वरिष्ठ नेता एवं वकील सैफुल्ला कुपवाड़ा जिले की त्रेहगाम विधानसभा सीट से विधायक हैं। उन्होंने 2024 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। इससे पहले वह 1996, 2002 और 2008 में कुपवाड़ा सीट से विधायक चुने गए थे। वह 2008 से 2014 के बीच उमर सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं। मंत्रिमंडल में उनकी वापसी से उत्तरी कश्मीर को सरकार में प्रतिनिधित्व मिला है।

शमीम फिरदौस: नेकां की वरिष्ठ नेता शमीम फिरदौस श्रीनगर के हब्बाकदल विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं। उन्होंने 2024 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की। इससे पहले वह 2008 और 2014 में भी विधायक चुनी गई थीं। पेशे से वकील शमीम फिरदौस पार्टी की महिला इकाई की अध्यक्ष हैं। वह जम्मू-कश्मीर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं।

अली मोहम्मद सागर: नेकां महासचिव श्रीनगर की खानयार विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने 1983 में पहली बार बटमालू से विधानसभा चुनाव जीता था और बाद में खानयार से लगातार चुनाव जीतते रहे। वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने खानयार सीट पर जीत दर्ज की। वह पूर्व में उमर सरकार में मंत्री रह चुके हैं।

अल्ताफ अहमद वानी: नेकां नेता अल्ताफ कालू पहलगाम विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने 2024 के विधानसभा चुनाव में नेकां के टिकट पर जीत दर्ज की। इससे पहले भी वह 2014 में पहलगाम से विधायक रह चुके हैं और 2009 में वह जम्मू-कश्मीर विधान परिषद के सदस्य मनोनीत हुए थे। उनके पिता गुलाम रसूल वानी इंजीनियर और शिक्षाविद् रहे हैं।