जम्मू-कश्मीर को जल्द मिलेगा राज्य का दर्जा, केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले के बयान से बढ़ी उम्मीदें
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने संकेत दिया है कि जम्मू-कश्मीर को जल्द ही पूर्ण राज्य का दर्जा वापस मिल सकता है।
-1791729677108_m.webp)
जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा जल्द, अठावले के बयान से जगी उम्मीद।
HighLights
अठावले ने जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल होने के संकेत दिए
राज्य बहाली की समयसीमा पीएम मोदी, गृह मंत्री तय करेंगे
अठावले ने उमर अब्दुल्ला से चर्चा के लिए समय मांगा
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा कब वापस मिलेगा? यह सवाल लंबे समय से क्षेत्र की राजनीति और आम लोगों की चर्चाओं के केंद्र में है। अब केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास बंडू अठावले के बयान ने इस मुद्दे पर एक बार फिर उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
उन्होंने रविवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर को निकट भविष्य में राज्य का दर्जा वापस मिल सकता है। हालांकि, इसकी समयसीमा तय करने का अधिकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पास है। उन्होंने किसी निश्चित तारीख की घोषणा करने से इनकार किया।
श्रीनगर में पत्रकारों से बात करते हुए अठावले ने कहा कि केंद्र सरकार संसद में उचित समय पर जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने का आश्वासन दे चुकी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह प्रक्रिया निकट भविष्य में आगे बढ़ सकती है, लेकिन स्पष्ट किया कि वह बहाली की तारीख बताने की स्थिति में नहीं हैं।
अठावले ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से जम्मू-कश्मीर के मुद्दों पर चर्चा के लिए समय मांगा है। साथ ही, उन्होंने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मिलने और क्षेत्र की जरूरतों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की बात भी कही।
उन्होंने जम्मू-कश्मीर सरकार से जनता की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप योजनाएं बनाने की अपील की और कहा कि केंद्र क्षेत्र की समस्याओं पर ध्यान देने को तैयार है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही राज्य का दर्जा बहाल कर दिया जाएगा।
