Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    जम्मू-कश्मीर के बटागुंड त्राल में आतंकी हमला, गैर-कश्मीरी नागरिक को बनाया शिकार; गंभीर रूप से घायल

    Updated: Thu, 24 Oct 2024 09:37 AM (IST)

    गांदरबल आतंकी हमले की जांच के बीच जम्मू-कश्मीर में एक और आतंकी हमला हुआ है। ऐसी जानकारी है कि आतंकियों ने दक्षिण कश्मीर के तराल में आतंकियों ने बिजनौर उत्तर प्रदेश के रहने वाले शुभम कुमार पर हमला किया है लेकिन पुलिस ने इस घटना का खंडन किया है शुभम कुमार फिलहाल अस्पताल में उपचाराधीन है। इससे पहले आतंकियों ने गांदरबल में श्रमिकों के कैंप को निशाना बनाया था।

    Hero Image
    जम्मू-कश्मीर में आतंकियों ने गैर-कश्मीरी नागरिक को बनाया शिकार

    राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। कश्मीर में रोजी रोटी कमाने पहुंचे दूसरे राज्यों के श्रमिकों पर पिछले कुछ दिनों में आतंकी हमले लगातार बढ़े हैं। दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल क्षेत्र में गुरुवार सुबह आतंकियों ने उत्तर प्रदेश के बिजनौर के रहने वाले एक श्रमिक को गोली मार दी। सौभाग्यवश वह बच गया, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    टारगेट किलिंग के अपने मंसूबे नाकाम होते देख आतंकी वहां से भाग निकले। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावर आतंकियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चला रखा है। बीते एक सप्ताह में कश्मीर में दूसरे राज्यों के लोगों पर यह तीसरा आतंकी हमला है। इससे पहले 18 अक्टूबर को आतंकियों ने शोपियां में बिहार निवासी अशोक चौहान की हत्या कर दी थी।

    इसके बाद 20 अक्टूबर को गांदरबल के गगनगीर में जेड मोड़ सुरंग निर्माण परियोजना से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के आवासीय शिविर पर हमला किया। इस हमले में सात लोगों की मौत और पांच घायल हुए हैं। त्राल के बटपोरा में गुरुवार सुबह आतंकी हमले का निशाना बना शुभम कुमार उत्तर प्रदेश में बिजनौर का रहने वाला है। आतंकियों ने उसे नजदीक से गोली मारी।

    गोली उसके दाएं हाथ में लगी और इसके बाद आतंकी वहां से भाग निकले। मामले की जांच कर रहे अधिकारियों ने शुभम के हवाले से बताया कि वह सुबह करीब सवा छह बजे मुंह-हाथ धोने के लिए अपने कमरे से बाहर निकला था। स्नानगृह से जैसे ही वह वापस अपने कमरे में जाने लगा एक आतंकी आया और उसने उस पर गोली चला दी।

    गोली की आवाज से वहां मौजूद अन्य लोग भी बाहर निकले। उन्होंने शुभम के ठेकेदार को फोन काल किया और उसे अस्पताल ले जाया गया।अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल का पुलिस के एक दल ने जायजा लिया है। पूरे इलाके को घेरते हुए तलाशी अभियान भी चलाया गया।

    बटपोरा और उसके आसपास के इलाकों में रहने वाले कुछ संदिग्ध तत्वों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इसके साथ ही बटपोरा और उसके आसपास के इलाकों में रहने वाले दूसरे राज्यों के सभी श्रमिकों व अन्य लोगों में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को मजबूत बनाए रखने के लिए सुरक्षाबल की गश्त बढ़ा दी गई है।

    इससे पहले बीते रविवार को आतंकियों ने प्रवासी श्रमिकों के कैंप को अपना शिकार बनाया था। इसमें सात लोगों की मौत हो गई थी। आतंकियों ने यहां अंधाधुन फायरिंग में छह श्रमिकों और एक डॉक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके 3 दिन पहले 18 अक्टूबर को भी शोपियां जिले में आतंकवादियों ने बिहार के एक मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

    सुरंग का निर्माण कर रहे श्रमिकों पर हमला

    आतंकियों ने यह हमला सेंट्रल कश्मीर के गांदरबल जिले में सुरंग निर्माण कर रहे श्रमिकों के शिविर पर किया था। इसके बाद केंद्रीय मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सहति तमाम नेताओं ने इस हमले की निंदा की थी।

    गांदरबल आतंकी हमले में शामिल आतंकियों की तस्वीरें

    आतंकी हमले के बाद गगनगीर में NIA की टीम जांच के लिए पहुंची थी। अब हमले के तीन दिन बाद पुलिस के हाथ आतंकियों की तस्वीरें हाथ लगी हैं।

    दरअसल एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। ये फुटेज उसी कैंप की है जिसे आतंकियों ने शिकार बनाया था। हालांकि, पुलिस ने अभी इसे लेकर कुछ साफ नहीं कहा है। इन तस्वीरों में नजर आने वाले दोनों आतंकियों के पाकिस्तानी होने की आशंका है।