विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'काश ऐसा होता...', डोनाल्ड ट्रंप की फर्जी पोस्ट पर CM उमर अब्दुल्ला का रिएक्शन 

Published: Tue, 14 Jul 2026 06:00 AM (IST)

उमर अब्दुल्ला ने डोनाल्ड ट्रंप के नाम से वायरल हुई एक फर्जी पोस्ट पर "काश ऐसा होता!" कहकर प्रतिक्रिया दी। ...और पढ़ें

डोनाल्ड ट्रंप की फर्जी पोस्ट पर CM उमर अब्दुल्ला का रिएक्शन। फाइल फोटो

डोनाल्ड ट्रंप की फर्जी पोस्ट पर CM उमर अब्दुल्ला का रिएक्शन। फाइल फोटो 

HighLights

  1. उमर अब्दुल्ला ने फर्जी ट्रंप पोस्ट पर "काश ऐसा होता" कहा।

  2. पोस्ट में जम्मू-कश्मीर के राज्य दर्जे की बहाली की प्रशंसा थी।

  3. यह व्यंग्यात्मक पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुई एक फर्जी पोस्ट पर अपनी संक्षिप्त लेकिन दिलचस्प प्रतिक्रिया देकर व्यापक चर्चा छेड़ दी। यह पोस्ट अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम से गलत तरीके से जोड़ी गई थी। उमर अब्दुल्ला ने इस पर केवल इतना लिखा—“काश ऐसा होता!

फर्जी पोस्ट ट्र्रप के चर्चित अंदाज की नकल करते हुए तैयार की गई थी। इसमें ट्रंप मजाकिया अंदाज में उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व और जम्मू-कश्मीर के राज्य का दर्जा बहाल करने की उनकी मुहिम की जमकर प्रशंसा कर रहे हैं।

फर्जी संदेश में दावा किया गया था कि ट्रंप उमर अब्दुल्ला को “बड़ा समर्थन” दे रहे हैं और उनके बारे में कह रहे हैं कि वह “कड़ी मेहनत कर रहे हैं, समझदारी से बात कर रहे हैं और शेर की तरह राज्य के दर्जे के लिए लड़ रहे हैं।” पोस्ट के अंत में ट्रंप के प्रसिद्ध राजनीतिक नारे की तर्ज पर लिखा गया था—“आइए राज्य का दर्जा वापस लाएं और जम्मू-कश्मीर को फिर से महान बनाएं!” यह ट्रंप के लोकप्रिय नारे “मेक अमेरिका ग्रेट अगेन” की नकल थी।

उमर अब्दुल्ला ने इस वायरल तस्वीर को पूरी तरह खारिज करने के बजाय अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर साझा करते हुए लिखा कि “काश ऐसा होता!” उनकी यह टिप्पणी व्यंग्य को समझते हुए हल्के-फुल्के अंदाज में दी गई प्रतिक्रिया थी, जिसे उनके समर्थकों और इंटरनेट मीडिया यूजर्स ने खूब पसंद किया।

देखते ही देखते यह पोस्ट इंटरनेट मीडिया पर तेजी से फैल गई और हजारों लोगों ने इसे पसंद और साझा करते हुए इस पर अपनी टिप्पणियां भी की। कईयों ने मुख्यमंत्री के हास्यबोध की सराहना की और समझा कि यह एक व्यंग्यात्मक पोस्ट है, जबकि कुछ लोगों ने शुरुआत में इसे डोनाल्ड ट्रंप का वास्तविक बयान मान लिया। बाद में तथ्य-जांच और स्पष्टीकरण के बाद इसकी सच्चाई सामने आई।

नेशनल कान्फ्रेंस के नेता शेख अब्दुल रशीद ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक्स पर लिखा—“कुछ अंधभक्त इस ट्वीट में छिपे व्यंग्य को नहीं समझ पाए।” उनका इशारा उन लोगों की ओर था जो उमर अब्दुल्ला की टिप्पणी के हास्यपूर्ण अर्थ को नहीं समझ सके।