'जम्मू-कश्मीर के लिए बहुत बड़ी क्षति', मनोज सिन्हा-महबूबा मुफ्ती समेत कई नेताओं ने देवेंद्र सिंह राणा के निधन पर जताया शोक
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भाजपा विधायक देवेंद्र सिंह राणा के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि देश ने एक देशभक्त और व्यापक रूप से सम्मानित नेता खो दिया है। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। बीजेपी नेता कवींद्र गुप्ता ने भी उनके निधन पर शोक जताया है।

डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भाजपा विधायक देवेंद्र सिंह राणा के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि देश ने एक देशभक्त और व्यापक रूप से सम्मानित नेता खो दिया है, जो केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में लोगों के कल्याण और भलाई के लिए समर्पित था। मैं उनके परिवार और दोस्तों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।
बता दें कि नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के मौजूदा विधायक और भाजपा नेता देवेंद्र सिंह राणा का गुरुवार को 59 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के भाई थे।
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने भी भाजपा विधायक देवेंद्र राणा के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
महबूबा मुफ्ती ने जताया दुख
महबूबा मुफ्ती ने एक्स पर लिखा कि देविंदर राणा जी के आकस्मिक निधन के बारे में सुनकर स्तब्ध हूं। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं।
बीजेपी नेता कवींद्र गुप्ता ने भी बीजेपी विधायक के निधन पर शोक जताया और कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है, यह जम्मू के लिए बहुत बड़ी क्षति है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह भी उनके आवास पर पहुंचे हैं।
देवेंदर सिंह राणा हाल ही में हुए जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में प्रमुख उम्मीदवारों में से एक थे। वह अपने प्रतिद्वंद्वी नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के जोगिंदर सिंह को हराकर नगरोटा से विजयी हुए थे।
कांग्रेस ने भी जताया दुख
देवेंद्र सिंह राणा के निधन से जम्मू-कश्मीर में शोक की लहर है। वह बीजेपी के बड़े नेताओं में शामिल थे। देवेंद्र सिंह राणा कुछ वर्ष पहले ही नेशनल कांफ्रेंस को छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। वह नेकां के जम्मू संभाग के प्रधान थे। उन्होंने फरीदाबाद के एक अस्पताल में बुधवार देर रात आखिरी सांस ली।
जम्मू-कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष तारिक अहमद कर्रा ने लिखा कि देवेंद्र सिंह के निधन के बारे में सुनकर गहरा सदमा लगा है और दुख हुआ है। देवेंद्र सिंह राणा, एक दूरदर्शी राजनीतिज्ञ और असाधारण इंसान थे। देवेंद्र सिंह राणा के निधन की खबर जम्मू-कश्मीर के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। यह कभी न भरने वाला शून्य छोड़ गया है। वह एक उत्कृष्ट नेता, अद्भुत वक्ता, महान मित्र और कई लोगों के लिए मार्गदर्शक थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।