कश्मीर में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, हंदवाड़ा में मिला पुराना आतंकी ठिकाना; AK-47 समेत भारी गोला-बारूद बरामद
सुरक्षाबलों ने कुपवाड़ा के हंदवाड़ा में नागदा नार वन क्षेत्र से एक पुराने आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ किया, जहां से ...और पढ़ें

हंदवाड़ा में पुराने आतंकी ठिकाने से एके-47 और गोला-बारूद जब्त। (फाइल फोटो)
HighLights
कुपवाड़ा के हंदवाड़ा में पुराने आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़।
एके-47 राइफल, ग्रेनेड और भारी गोला-बारूद बरामद किया गया।
सुरक्षाबलों ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में हंदवाड़ा के नागदा नार वन क्षेत्र में बुधवार को सुरक्षाबलों ने एक पुराने ठिकाने का पता लगाकर वहां छिपाकर रखा गया हथियारों और गोला-बारूद का बड़ा जखीरा बरामद किया। अधिकारियों के अनुसार, विशेष सूचना मिलने के बाद हंदवाड़ा पुलिस, राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने नार वन क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान टीम को एक पुराना ठिकाना मिला। सुरक्षाबलों ने उसे नष्ट करने के साथ वहां से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया।
बरामद सामग्री में एक एके-47 राइफल, तीन ग्रेनेड, 857 एके राउंड, 192 पीका राउंड, आठ एके मैगजीन, एक साइलेंसर और 83 पिस्टल राउंड शामिल हैं। इसके अलावा भी कुछ अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद किए जाने की भी जानकारी दी गई है।
जंगलों में छिपे पुराने ठिकानों पर नजर जरूरी
सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि इस बरामदगी का महत्व केवल हथियारों की संख्या तक सीमित नहीं है। जंगलों में पुराने ठिकानों की मौजूदगी सुरक्षा बलों के सामने यह चुनौती रखती है कि ऐसे इलाकों की लगातार निगरानी और तलाशी कितनी जरूरी है।
खासकर ऐसे समय में जब किसी पुराने ठिकाने में वर्षों बाद भी हथियार सुरक्षित मिल सकते हैं।
कहां से आए हथियार, किसने बनाया ठिकाना? जांच शुरू
संबंधित कानूनी धाराओं के तहत इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां अब बरामद हथियारों के स्रोत और इस ठिकाने के इस्तेमाल से जुड़े संभावित सुरागों को खंगाल रही हैं।
