विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पाकिस्तान में बैठे हाफिज सईद के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी! कश्मीर में हथियार-पैसे भेजने का आरोप

Published: Sat, 12 Sep 2026 12:20 PM (GMT+05:30)

जम्मू की एनआईए अदालत ने हाफिज सईद के खिलाफ कश्मीर में आतंकी गतिविधियों के लिए हथियार और धन मुहैया कराने के आरोप में दूसरा गैर-जमानती वारंट जारी किया है।

दो महीने में हाफिज सईद के खिलाफ यह दूसरी कार्रवाई। (फाइल फोटो)

दो महीने में हाफिज सईद के खिलाफ यह दूसरी कार्रवाई। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. हाफिज सईद के खिलाफ दूसरा गैर-जमानती वारंट जारी हुआ।

  2. कश्मीर में आतंकियों को हथियार, धन मुहैया कराने का आरोप।

  3. एनआईए अदालत ने जम्मू में यह कार्रवाई की है।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। पाकिस्तान में बैठकर कश्मीर घाटी में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के आरोपित लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक हाफिज मोहम्मद सईद पर जम्मू की एनआइए अदालत ने फिर शिकंजा कसा है। अदालत ने उसके खिलाफ दूसरा गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।

करीब दो महीने में हाफिज सईद के खिलाफ यह दूसरी ऐसी कार्रवाई है। एनआइए ने अदालत को बताया कि यूएपीए के तहत नामित आतंकी पाकिस्तान से कश्मीर में सक्रिय आतंकियों को हथियार और धन मुहैया कराने के साथ ही उन्हें आतंकी गतिविधियों के लिए निर्देश दे रहा है।

अदालत ने अपने आदेश में कहा कि आरोपित फरार है और जांच एजेंसी सामान्य प्रक्रिया के जरिए उसकी उपस्थिति सुनिश्चित नहीं कर सकी। इसके बाद हाफिज निवासी सरगोधा, पंजाब, पाकिस्तान के खिलाफ गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया। वारंट की तामील के लिए इसे एनआइए जम्मू के डीआइजी को भेजा गया है।

कश्मीर में हथियार, पैसा और निर्देश पहुंचाने का आरोप

एनआइए के अनुसार, जांच में सामने आया है कि हाफिज प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का संस्थापक है और पाकिस्तान से अपनी गतिविधियां संचालित कर रहा है। वह कश्मीर घाटी में सक्रिय आतंकियों को हथियार, पैसा और आतंकी गतिविधियों के संचालन के लिए दिशा-निर्देश उपलब्ध करा रहा है।

जांच एजेंसी ने अदालत को बताया कि हाफिज इस समय पाकिस्तान में है और जानबूझकर गिरफ्तारी से बच रहा है। वह कानून की पकड़ से बाहर रहकर आतंकी गतिविधियों को संचालित कर रहा है। हाफिज के खिलाफ इससे पहले जुलाई में भी गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था।

उस मामले में एनआइए ने उसे पहलगाम आतंकी हमले का मुख्य साजिशकर्ता बताया था। अब कश्मीर में सक्रिय आतंकियों तक हथियार और धन पहुंचाने के मामले में अदालत ने उसके खिलाफ फिर गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।

नाका जांच में पकड़ा गया संदिग्ध आतंकी

मामला जम्मू-कश्मीर पुलिस की नाका जांच के दौरान एक आतंकी की गिरफ्तारी से जुड़ा है। पांडच जकूरा इलाके में पुलिस ने एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से एक चीनी ग्रेनेड और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित की पहचान श्रीनगर निवासी मोहम्मद नकीब बट के रूप में हुई।

UAPA समेत तीन धाराओं में केस

थाना जकूरा में एफआइआर नंबर 24/2026 दर्ज की गई है। आरोपित के खिलाफ यूएपीए की धारा 23, आम्र्स एक्ट की धारा 7/25 और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया गया है। एनआइए मामले की जांच में आतंकी नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है। एजेंसी हाफिज सईद की कथित भूमिका और आतंकियों तक हथियार व धन पहुंचाने के नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।