विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

श्रीनगर में घरेलू नौकरों का बड़ा खेल, घर से उड़ाए 45 लाख के सोने के गहने; पुलिस ने ऐसे दबोचे आरोपी

Published: Tue, 27 Oct 2026 06:12 PM (IST)

श्रीनगर में घर से 45 लाख रुपये के सोने के गहने चोरी होने के मामले में पुलिस ने दो घरेलू ...और पढ़ें

श्रीनगर में घरेलू सहायकों से 45 लाख के गहने बरामद।

श्रीनगर में घरेलू सहायकों से 45 लाख के गहने बरामद।

HighLights

  1. श्रीनगर में घर से 45 लाख के सोने के गहने चोरी।

  2. दो घरेलू सहायक गिरफ्तार, पुलिस ने गहने बरामद किए।

  3. पुलिस ने घरेलू सहायकों के सत्यापन की अपील की।

राज्य ब्यूरो, जागरण, श्रीनगर। श्रीनगर के खानयार इलाके में घर से सोने के लाखों रुपये के गहने चोरी होने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 45 लाख रुपये के सोने के गहने बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान असम के मोरीगांव जिले की 24 वर्षीय निकिता दास और 28 वर्षीय दीप बरुआ के रूप में हुई है। दोनों शिकायतकर्ता के घर पर घरेलू सहायक के तौर पर काम करते थे।

पुलिस के अनुसार, मस्कीन बाग, श्रीनगर निवासी बशारत हुसैन ने 25 अक्टूबर को खानयार पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अपने घर से कीमती सोने के गहने चोरी होने की जानकारी दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की पहचान और तलाश के लिए कई टीमें गठित कीं। जांच के दौरान खुफिया सूचनाओं, तकनीकी निगरानी और अन्य साक्ष्यों की मदद से संदिग्धों का पता लगाया गया। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया।

16 अंगूठियों से लेकर नौ जोड़ी बालियों तक बरामदगी

पुलिस ने जांच के दौरान चोरी के सोने के गहनों का बड़ा हिस्सा बरामद किया है। बरामद सामान में 16 अंगूठियां, पांच हार, चार चूड़ियां, दो ब्रोच, तीन टाई पिन, सात पेंडेंट और नौ जोड़ी बालियां शामिल हैं। इन सभी गहनों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है।

दोनों आरोपी घरेलू सहायक के रूप में काम करते थे

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी कथित तौर पर शिकायतकर्ता के घर में घरेलू सहायक के रूप में काम करते थे और चोरी की वारदात के बाद वहां से चले गए थे। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे जांच की जा रही है, ताकि चोरी से जुड़ी अन्य जानकारियों और पूरी घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

श्रीनगर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घरों में घरेलू सहायकों को काम पर रखने से पहले उनका उचित पुलिस सत्यापन जरूर कराएं। इससे सुरक्षा संबंधी जोखिम कम करने में मदद मिल सकती है।