पत्थर खदान में भरे पानी में डूबीं पांच लड़कियां, दो की मौत
पंथाचौक स्थित जेवन में सोमवार को उस समय ईद की खुशियां मातम में बदल गई जब एक पत्थर खदान में भरे पानी में दो लड़कियों की डूबने से मौत हो गई। तीन अन्य लड़कियों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : पंथाचौक स्थित जेवन में सोमवार को उस समय ईद की खुशियां मातम में बदल गई, जब एक पत्थर खदान में भरे पानी में दो लड़कियों की डूबने से मौत हो गई। तीन अन्य लड़कियों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
श्रीनगर के प्रवेश द्वार कहे जाने वाले पंथाचौक के साथ सटे जेवन में सोमवार को कुछ बच्चे एक पत्थर खदान में खेल रहे थे। खदान में कुछ जगहों पर बारिश का पानी भरा हुआ था। चट्टानों के पास खेलते हुए पांच लड़कियां पानी में गिर गई। स्थानीय लोगों ने उसी समय पुलिस को सूचित करते हुए लड़कियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस भी पहुंच गई। पांचों लड़कियों को पानी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन उनकी हालत बिगड़ चुकी थी। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो ने दम तोड़ दिया। एसडीपीओ पंथाचौक सज्जाद बुखारी ने बताया कि तीन लड़कियों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। दो लड़कियां रौनक और रुतबा की हालत गंभीर थी, जिनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवावालों को सौंप दिए गए हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह लड़कियां खेलने के लिए अक्सर पत्थर खदान में आती थीं, क्योंकि इनके घर पास में ही हैं। ईद की छुट्टी थी और यह लड़कियां खेलते हुए हादसे का शिकार हो गई है।