कश्मीर में पहला जैविक सब्जी बिक्री केंद्र खुला
जैविक खेती के जरिए पैदा होने वाले अनाज सब्जियों और फलों की मांग लगातार बढ़ी है। यह किसानों के लिए भी बहुत लाभप्रद है।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर: कश्मीर में अपनी तरह का पहला जैविक सब्जी बिक्री केंद्र शुरू हो गया है। कृषि उत्पादन एवं किसान कल्याण विभाग के प्रधान सचिव नवीन कुमार चौधरी ने सोमवार को श्रीनगर स्थित लाल मंडी स्थित कृषि परिसर में पहले जैव सब्जी बिक्री केंद्र का ई-उद्घाटन किया है। इस मंडी में जैविक खेती के जरिए सब्जियां उगाने वाले किसान सीधे उपभोक्ताओं को अपने कृषि उत्पाद बेच सकेंगे।
चौधरी ने कहा कि जैविक खेती बड़ी तेजी के साथ दुनियाभर में लोकप्रिय होती जा रही है। यह खेती मृदा, पारिस्थितिकीय संतुलन और आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है। यह परंपरागत खेती, नवाचार और कृषि प्रौद्योगिकी का एक मिलाजुला स्वरूप है। उन्होंने कहा कि जैविक खेती के जरिए पैदा होने वाले अनाज, सब्जियों और फलों की मांग लगातार बढ़ी है। यह किसानों के लिए भी बहुत लाभप्रद है। किसानों को अपनी मेहनत का पूरा लाभ मिले और उपभोक्ताओं को हमेशा ताजी सब्जी मिले, इसके लिए हर जिले में इस तरह की मंडियां और बिक्री केंद्र खोलने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जैविक सब्जी मंडियां और बिक्री केंद्र युवा उद्यमियों के लिए भी रोजगार के नए अवसर पैदा करने में समर्थ हैं।
कृषि निदेशक अल्ताफ एजाज अंद्राबी ने कहा कि कश्मीर में जैव कृषि तकनीक से पैदा होने वाले फल-सब्जियां और अनाज अब यहां आम लोगों की खान-पान की आदत का हिस्सा बनते जा रहे हैं। जैविक कृषि को प्रोत्साहित करने के लिए विभाग कई कदम उठा रहा है। आज यहां लालमंडी में शुरू किया गया बिक्री केंद्र भी इसी प्रक्रिया का एक हिस्सा है। उन्होंने बताया कि जिला श्रीनगर, बारामुला, बांडीपोरा और गांदरबल में पंजीकृत वेजिटेबल कलस्टर्स को लालमंडी में बनाए गए केंद्र के साथ जोड़ा गया है।