अस्पताल न आने पर श्रीनगर में महिला डाक्टर बर्खास्त, डुरू में पूरा स्टाफ निलंबित
जवाहर लाल नेहरू मेमोरियल अस्पताल में बनाए गए क्वारंटाइन केंद्र में रखे कोरोना वायरस के संदिग्धों द्वारा शनिवार को किए गए हंगामे के बाद अस्पताल की दो महिला डॉक्टरों पर कार्रवाई हुई
श्रीनगर, जेएनएन : शहर के जवाहर लाल नेहरू मेमोरियल अस्पताल में बनाए गए क्वारंटाइन केंद्र में रखे कोरोना वायरस के संदिग्धों द्वारा शनिवार को किए गए हंगामे के बाद अस्पताल की दो महिला डॉक्टरों पर कार्रवाई हुई है। इनमें से एक को बर्खास्त और दूसरे को निलंबित कर दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि माइक्रो बायोलोजिस्ट डॉ. मारिया जिलानी कई दिनों से ड्यूटी पर नहीं आ रही थी। उसे कई बार हिदायत दी गई, फिर भी नहीं आई। जब शहर के छत्ताबल व बटमालू इलाके के कोरोना वायरस के कुछ संदिग्ध अस्पताल में क्वारंटाइन किए गए तब भी उक्त डॉक्टर को ड्यूटी पर आने को कहा गया। इसके बावजूद वह ड्यूटी पर नहीं आई। इसके बाद उसे बर्खास्त कर दिया गया। वहीं, डाक्टर सफीना गुल ड्यूटी पर तो थी, लापरवाही बरत रही थी। इसके बाद उसे निलंबित कर दिया गया। वहीं, अनंतनाग के डुरू करपन अस्पताल के पूरे स्टाफ को सस्पेंड कर दिया गया है। इस अस्पताल के सभी डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ पिछले कई दिनों से ड्यूटी पर नहीं आ रहा था। कई बार नोटिस देने के बावजूद इनमें से कोई भी अस्पताल नहीं पहुंचा था।