सुरक्षा कारणों से उपमुख्यमंत्री को गौहर के घर जाने से रोका
उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह ने कश्मीर के आइजी मुनीर खान को भाजपा कार्यकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जम्मू, [राज्य ब्यूरो] । उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह ने कश्मीर के आइजी मुनीर खान को भाजपा कार्यकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आतंकवादियों ने गत दिनों शोपियां में भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला प्रधान गौहर अहमद भट्ट की हत्या कर दी थी।
कश्मीर में भाजपा के कई कार्यकर्ताओं को खतरा होने संबंधी कई संदेश भी मिल रहे हैं। ऐसे हालात में बुधवार को उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल को सुरक्षा कारणों से राज्य पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों ने गौहर अहमद भट्ट के घर जाने की इजाजत नहीं है।
डॉ. निर्मल प्रदेश महासचिव व कश्मीर के प्रभारी डॉ. नरेंद्र सिंह के साथ बुधवार दोपहर को श्रीनगर पहुंचे थे। डॉ. निर्मल सिंह ने आइजी कश्मीर से बैठक कर वहां भाजपा कार्यकर्ताओं की सुरक्षा के प्रबंध करने पर जोर दिया। क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था व आतंकवादियों के मंसूबों को लेकर मिल रही जानकारी पर भी चर्चा हुई। प्रदेश महासचिव डॉ. नरेंद्र सिंह ने बताया कि हमने गौहर के घर जाने की तैयारी कर ली थी, लेकिन ऐन वक्त पर हमे सुरक्षा कारणों से वहां जाने के लिए मना कर दिया। हम जल्द गौहर के घर जाकर उसके परिजनों को सांत्वना देंगे।