राष्ट्रविरोधी तत्वों के मंसूबों को नाकाम बनाएं : डीजीपी
राज्य ब्यूरो श्रीनगर उप राज्यपाल जीसी मुर्मू के सलाहकार आरआर भटनागर और जम्मू कश्मीर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दिलबाग सिंह ने वीरवार को उच्च स्तरीय बैठक में दक्षिण कश्मीर के सुरक्षा परिदृश्य का जायजा लिया।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : उप राज्यपाल जीसी मुर्मू के सलाहकार आरआर भटनागर और जम्मू कश्मीर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दिलबाग सिंह ने वीरवार को उच्च स्तरीय बैठक में दक्षिण कश्मीर के सुरक्षा परिदृश्य का जायजा लिया। उन्होंने राष्ट्रविरोधी, अलगाववाद और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का निर्देश देते हुए आम लोगों के जानमाल और सम्मान की सुरक्षा सुनिश्चित बनाए रखने पर जोर दिया।
आरआर भटनागर व दिलबाग सिंह ने अनंतनाग में पुलिस, सीआरपीएफ व अन्य सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद पुलिस व सीआरपीएफ जवानों के दरबार को भी संबोधित किया। भटनागर ने विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों में आपसी समन्वय और सहयोग पर जोर देते हुए कहा कि राष्ट्रविरोधी तत्वों की कड़ी निगरानी होनी चाहिए। उनकी साजिशों को नाकाम बनाया जाए। उन्होंने कानून व्यवस्था की स्थिति में जन भागीदारी बढ़ाने और आतंकियों को आम लोगों से अलग थलग करने की रणनीति को भी लागू करने पर जोर दिया।
दिलबाग सिंह ने बैठक में मौजूद पुलिस, सुरक्षा व खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों से कहा कि आतंकवाद अब अंतिम चरण में है। हमें आतंकियों पर दबाव को बनाए रखना है। उनके खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने के साथ नए लड़कों की आतंकी संगठनों में भर्ती पर रोक लगानी है। जम्मू कश्मीर में विशेषकर कश्मीर घाटी और दक्षिण कश्मीर में शांति व स्थिरता का माहौल बनाए रखने में सुरक्षाबलों और खुफिया एजेंसियों का आपसी समन्वय ही मुख्य रूप से जिम्मेदार है। इसके लिए सभी संगठनों के अधिकारी और जवान मुबारक के हकदार हैं।
उन्होंने कहा कि इस समय भी आतंकी कश्मीर में हालात बिगाड़ने का हर संभव मौका तलाश रहे हैं। उनके इरादों को नाकाम बनाने के लिए हमें और अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। सरहद पार से आतंकियों की घुसपैठ की कोशिशें की जा रही हैं, जिन्हें नाकाम बनाया जा रहा है।