दिल्ली में 45 डिग्री तापमान का 'टॉर्चर', तो कश्मीर में स्नोफॉल; ताजा बर्फबारी का Video आया सामने
मई के महीने में कश्मीर के जोजिला-मीनमर्ग क्षेत्र में अप्रत्याशित बर्फबारी हुई है, जबकि दिल्ली और उत्तर भारत भीषण गर्मी की चपेट में हैं।

कश्मीर के जोजिला-मीनमर्ग क्षेत्र में हाल ही में ताजा बर्फबारी देखने को मिली है। (सौ. वीडियो)
HighLights
कश्मीर के जोजिला-मीनमर्ग में मई में हुई बर्फबारी
दिल्ली-एनसीआर में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा
श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग बर्फबारी से हुआ प्रभावित
डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। भारत इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। जहां देश की राजधानी दिल्ली और अन्य राज्य भीषण गर्मी और लू (Heatwave) की चपेट में है, वहीं दूसरी ओर धरती का स्वर्ग कहे जाने वाले कश्मीर से बर्फबारी की तस्वीरें सामने आ रही हैं।
मई के इस महीने में आए मौसम के इस अनोखे बदलाव ने सभी को हैरान कर दिया है। कश्मीर के जोजिला-मीनमर्ग क्षेत्र में हाल ही में ताजा बर्फबारी देखने को मिली है। मई के महीने में हुई इस अप्रत्याशित बर्फबारी के कारण पूरा इलाके में बर्फबारी हो रही है।
देखें वीडियो
जीरो प्वाइंट और मीनमर्ग के आसपास भारी बर्फबारी के कारण श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-1) पर यातायात प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर वाहनों की निगरानी बढ़ा दी है।
सड़क को दोबारा सुचारू रूप से चालू करने के लिए सीमा सड़क संगठन (BRO) द्वारा बर्फ हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। मौसम के इस बदले मिजाज ने घाटी में मौजूद पर्यटकों और स्थानीय लोगों को हैरत में डाल दिया है। मई की गर्मी से बचने आए सैलानी इस नजारे को देखकर बेहद रोमांचित हैं।
दिल्ली और उत्तर भारत में तापमान 45 डिग्री पार
एक तरफ जहां कश्मीर में लोग कड़ाके की ठंड का अहसास कर रहे हैं, वहीं दिल्ली-एनसीआर भीषण गर्मी से तप रहा है। दिल्ली के कई इलाकों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर चुका है। दोपहर के समय चल रही गर्म थपेड़ों (लू) के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर न निकलने और खुद को हाइड्रेटेड रखने की सलाह दी है।
