जम्मू में 2 नवंबर से शुरू होगा दरबार मूव, 31 अक्टूबर से रवाना होगा काफिला
कश्मीर घाटी में बढ़ती ठंड और बर्फबारी के चलते प्रदेश सरकार ने शरदकालीन राजधानी जम्मू में दरबार मूव की तैयारियां तेज कर दी हैं।
-1791901290175_m.webp)
दो नवंबर से जम्मू में सजेगा दरबार।
HighLights
दरबार मूव की तैयारियां तेज, 2 नवंबर से जम्मू में सचिवालय
कर्मचारियों को विशेष आकस्मिक अवकाश, काफिला 31 अक्टूबर से
सुरक्षा, यातायात और स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। कश्मीर घाटी में ठंड बढ़ने और पहाड़ों पर बर्फबारी के बीच प्रदेश सरकार ने शरदकालीन राजधानी जम्मू में दरबार मूव की तैयारियां तेज कर दी हैं। जम्मू स्थित नागरिक सचिवालय दो नवंबर से पूरी तरह क्रियाशील हो जाएगा।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को श्रीनगर सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक कर दरबार मूव सत्र 2026-27 की तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित विभागों को सुरक्षित, सुगम और समन्वित स्थानांतरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दरबार मूव के सिलसिले में इमरजेंसी छुट्टी देने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने दरबार मूव के सिलसिले में जम्मू जाने वाले कश्मीर के कर्मचारियों को विशेष आकस्मिक अवकाश देने का निर्देश दिया। इस संबंध में जल्द आधिकारिक आदेश जारी होने की संभावना है।
दरबार मूव के तहत मुख्यमंत्री, मंत्रिपरिषद, प्रमुख विभागों के सचिवालय, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, लोकभवन और उच्च न्यायालय अगले छह माह, यानी अप्रैल के अंत तक जम्मू में रहकर कामकाज करेंगे। कर्मचारियों और सरकारी सामान को लेकर काफिला 31 अक्टूबर और एक नवंबर को जम्मू के लिए रवाना होगा।
काफिले के मार्ग पर डॉक्टरों और पैरामेडिकल कर्मियों के विशेष दल रहेंगे तैनात
बैठक में मुख्यमंत्री ने जम्मू-कश्मीर सड़क परिवहन निगम (जेकेआरटीसी) के प्रबंध निदेशक और यातायात विभाग को पर्याप्त वाहनों की व्यवस्था करने तथा 31 अक्टूबर और एक नवंबर को राष्ट्रीय राजमार्ग पर काफिले की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और कर्मचारियों के ठहरने की व्यवस्था की भी समीक्षा की। पुलिस और संबंधित एजेंसियों को व्यापक सुरक्षा प्रबंध करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने बताया कि काफिले के मार्ग पर डॉक्टरों और पैरामेडिकल कर्मियों के विशेष दल तैनात रहेंगे तथा स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने जम्मू के मंडलायुक्त को शहर के प्रमुख आवासीय क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था की समीक्षा करने और रास्ते में भोजन तथा शौचालय जैसी सार्वजनिक सुविधाओं के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने को कहा।
बैटक कौन-कौन रहा मौजूद?
बैठक में उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी, मुख्य सचिव अटल डुल्लू और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। जम्मू के अधिकारियों ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से भाग लिया। सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) के सचिवायुक्त एम. राजू ने परिवहन और लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
सर्दियों में कश्मीर में प्रशासनिक कामकाज जारी रखने के लिए शरदकालीन सचिवालय की व्यवस्था भी तय की गई। मुख्यमंत्री ने जीएडी को नवंबर से कश्मीर में तैनात रहने वाले मंत्रियों और प्रशासनिक सचिवों का मासिक रोस्टर जारी करने को कहा। उन्होंने दरबार मूव की परंपरा के महत्व को रेखांकित करते हुए कर्मचारियों की सुरक्षा, सुविधा और विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया
