आतंकरोधी अभियानों में केरिपुब की भूमिका से अवगत कराया
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (केरिपुब) जम्मू कश्मीर जोन के अतिरिक्त महानिदेशक
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (केरिपुब) जम्मू कश्मीर जोन के अतिरिक्त महानिदेशक वीएसके कौमुदी ने वीरवार को राज्यपाल सत्यपाल मलिक से भेंट कर उन्हें राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति से लेकर आतंकरोधी अभियानों में केरिपुब की भूमिका से अवगत कराया।
राजभवन से मिली जानकारी के अनुसार, एडीजीपी ने राज्यपाल से राजभवन में मुलाकात की। उन्होंने राज्यपाल के साथ राज्य के आंतरिक सुरक्षा परिदृश्य पर विचार विमर्श करते हुए उन्हें आंतरिक सुरक्षा प्रबंधन में केरिपुब की भूमिका और विभिन्न जिला मुख्यालयों और महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस-केरिपुब की ऑपरेशनल डिप्लायमेंट से जुड़े मुद्दों से भी अवगत कराया। उन्होंने राज्यपाल को तीनों खित्तों में केरिपुब की ओर से लोगों के कल्याण के लिए चलाए जा रहे सिविक कार्यो की जानकारी भी दी।
राज्यपाल ने पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर जम्मू कश्मीर में कानून व्यवस्था की चुनौतियों का सफलतापूर्वक मुकाबला करने और बाबा अमरनाथ यात्रा-2018 को सुरक्षित और शांत वातावरण में संपन्न कराने के लिए केरिपुब की सराहना की।
राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने एडीजीपी केरिपुब से कहा कि केरिपुब के जवानों और अधिकारियों को अपने कार्याधिकार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को यकीनी बनाते हुए लोगों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध कायम रखने चाहिए।